बड़े भाई के कुल्हाड़ी से हमले में घायल छोटे भाई की मौत, आरोपी हिरासत में

सतना। डिजिटल डेस्क

सतना जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के हिनौती गांव में भाइयों के बीच जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बड़े भाई ने कथित तौर पर छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल छोटे भाई की रीवा के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हिनौती निवासी रामायण सोंधिया (60) का अपने बड़े भाई रामकिंकर सोंधिया (62) के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। बताया गया है कि फाइनेंस कंपनी के एजेंट को घर का पता बताने की बात पर भी विवाद बढ़ गया।

फाइनेंस कंपनी के एजेंट को पता बताने पर हुआ विवाद

घटना 22 अक्टूबर की दोपहर की बताई गई है। एक फाइनेंस कंपनी का एजेंट रामकिंकर का पता पूछते हुए रामायण के घर पहुंचा था। इस दौरान रामायण की पत्नी सिया सोंधिया ने एजेंट को जानकारी दे दी।

आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने पर रामकिंकर ने गाली-गलौज करते हुए सिया पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। पत्नी के साथ हुई मारपीट का विरोध करने के लिए रामायण अपने बेटे अंकित के साथ बड़े भाई के घर पहुंचा।

कुल्हाड़ी से हमला, पिता-पुत्र हुए घायल

विरोध के दौरान विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि रामकिंकर ने रामायण और उसके बेटे अंकित पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। विवाद के दौरान रामकिंकर के सिर में भी चोट आने की जानकारी सामने आई है।

घायलों को रामनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। बेटे को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि रामायण को भर्ती किया गया था। बाद में वह भी घर लौट आया।

रीवा के अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

शनिवार को सिर की चोट के चलते रामायण की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे उपचार के लिए रीवा स्थित संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय ले गए, जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।

इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। मौत के बाद मामले में हत्या से संबंधित धारा बढ़ाई गई।

आरोपी हिरासत में, वैज्ञानिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पहले मारपीट के अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। रामायण की मौत के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा बढ़ाते हुए रविवार देर शाम आरोपी रामकिंकर को हिरासत में ले लिया।

घटनास्थल की जांच के लिए वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह ने टीम के साथ हिनौती गांव पहुंचकर मौका-मुआयना किया और भौतिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *