सतना। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने पुराना पावर हाउस क्षेत्र में सराफा व्यापारी के घर हुई चोरी का खुलासा कर भोपाल के एक अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 18.94 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। सीएसपी डीपी सिंह चौहान ने बताया कि 19 जुलाई को विपुल जैन परिवार सहित घर से बाहर गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी कर लिए थे। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भोपाल निवासी ताहिर खान (19) की पहचान की। पुलिस टीम ने भोपाल पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी स्वीकार करते हुए बताया कि उसने चोरी के गहने इमरान खान और फराज खान को बेच दिए थे। इसके बाद दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
18.94 लाख के गहने बरामद
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से 18 लाख 94 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को मंगलवार को सतना लाकर न्यायालय में पेश किया गया।
नींद खुली तो पहुंच गया सतना, फिर कर दी चोरी
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी ताहिर भोपाल से ट्रेन के जरिए इटारसी जा रहा था, लेकिन सफर के दौरान नींद लगने से वह सतना पहुंच गया। स्टेशन पर उतरने के बाद उसने शहर में घूमकर सूने मकानों की रेकी की। 19 जुलाई को पुराना पावर हाउस क्षेत्र में एक मकान पर ताला लगा देख उसने घर में घुसकर नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के बाद वह बस से छतरपुर होते हुए भोपाल लौट गया और चोरी के गहने कई लोगों को बेच दिए।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार चोरी के कुछ आभूषण अन्य लोगों को भी बेचे गए हैं। उनकी तलाश जारी है। साथ ही भोपाल पुलिस से तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी मंगाया जा रहा है।