जीआरपी कंट्रोल रूम से मानव तस्करी की आशंका का अलर्ट मिलते ही सतना रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। दरभंगा-अहमदाबाद एक्सप्रेस को करीब 10 मिनट रोककर कई बोगियों की गहन जांच की गई। हालांकि जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली।
GRP कंट्रोल के अलर्ट पर शुरू हुई कार्रवाई
बुधवार सुबह दरभंगा से अहमदाबाद जा रही दरभंगा-अहमदाबाद एक्सप्रेस के संबंध में जीआरपी कंट्रोल रूम से मानव तस्करी की आशंका का इनपुट मिला। सूचना मिलते ही सतना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम पहले से तैनात कर दी गई। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही उसे करीब 10 मिनट तक रोककर 4 से 5 बोगियों की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान यात्रियों से पूछताछ भी की गई।
बच्चों और परिजनों की हुई तस्दीक
जांच के दौरान पुलिस को कुछ नाबालिग बच्चे मिले। इनमें कई बच्चे अपने परिजनों के साथ यात्रा कर रहे थे, जबकि कुछ बच्चे अकेले सफर कर रहे थे। पुलिस ने सभी से पूछताछ की और उनके परिजनों के मोबाइल नंबर लेकर संपर्क किया। पूछताछ और सत्यापन में पता चला कि सभी बच्चे छुट्टियां बिताने के बाद अहमदाबाद स्थित मदरसे में पढ़ाई के लिए वापस लौट रहे थे।
जांच में नहीं मिली कोई संदिग्ध गतिविधि
पुलिस ने बच्चों की पहचान, दस्तावेजों और अभिभावकों से प्राप्त जानकारी का मिलान किया। पूरी जांच के बाद मानव तस्करी जैसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद दरभंगा-अहमदाबाद एक्सप्रेस को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
थाना प्रभारी ने क्या कहा
जीआरपी थाना प्रभारी राजेश राज ने बताया कि कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त जांच अभियान चलाया गया था। सभी बच्चों और उनके अभिभावकों की तस्दीक कर ली गई है। जांच रिपोर्ट और पूरी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है।