टॉफी दिलाने के बहाने मासूम से दुष्‍कर्म, आरोपी हिरासत में

मैहर। डिजिटल डेस्क

मध्य प्रदेश के मैहर में तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 34 वर्षीय नरेश साकेत को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

इस बहाने घर ले जाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला नरेश साकेत उसे टॉफी देने के बहाने अपने घर ले गया। आरोप है कि उसने बच्ची को घर के बाथरूम में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

इसी दौरान बच्ची का 10 वर्षीय बड़ा भाई वहां पहुंच गया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर अंदर पहुंचे भाई ने घटनाक्रम देखकर शोर मचाया और परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग चुका था।

अस्पताल में उपचार, पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना के बाद परिजन बच्ची को तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसका उपचार शुरू किया गया। मेडिकल टीम की सूचना पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और बच्ची की मां के बयान दर्ज किए।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर नरेश साकेत के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।

सीसीटीवी कैमरों की मदद से तलाश, देर रात गिरफ्तारी

पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाईं। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी निगरानी की गई। पुलिस के मुताबिक, देर रात मिली सूचना के आधार पर दबिश देकर नरेश साकेत को गिरफ्तार कर लिया गया।

शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। डीएनए जांच के लिए रक्त का नमूना भी सुरक्षित किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *