जिला अस्पताल की ओपीडी गैलरी में महिला का प्रसव

सतना। डिजिटल डेस्क|

सुरक्षित संस्थागत प्रसव के लिए जननी एक्सप्रेस से जिला अस्पताल पहुंची गर्भवती का लेबर रूम पहुंचने से पहले ही अस्पताल की गैलरी में प्रसव हो गया। परिजनों के अनुसार महिला को एंबुलेंस से उतारकर लेबर रूम ले जाया जा रहा था, तभी बच्चे का जन्म हो गया।

लेबर रूम ले जाते समय गैलरी में हुआ प्रसव

जानकारी के मुताबिक धवारी निवासी 32 वर्षीय चुन्नू बाई मल्लाह पति रजोल मल्लाह को परिजन बुधवार सुबह करीब 10 बजे जननी एक्सप्रेस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे।

परिजन और अस्पताल स्टाफ महिला को एंबुलेंस से उतारकर लेबर रूम की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान मुख्य गेट और इमरजेंसी ओपीडी के बीच गैलरी में ही महिला का प्रसव हो गया।

चार बेटियों के बाद बेटे का जन्म

बताया गया है कि चुन्नू बाई की यह पांचवीं डिलीवरी थी। महिला की पहले से चार बेटियां हैं। इस बार उसने बेटे को जन्म दिया।

प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों को अस्पताल के वार्ड में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों की स्थिति को लेकर अस्पताल की ओर से कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

प्रसव के समय महिला चिकित्सक को लेकर सवाल

मामले में सूत्रों का दावा है कि बुधवार को मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की ड्यूटी थी, लेकिन प्रसव के समय मौके पर इमरजेंसी स्टाफ ही मौजूद था। महिला चिकित्सक के समय पर नहीं पहुंचने की बात भी सामने आई है।

हालांकि, अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *