सतना। डिजिटल डेस्क
सतना जिले के कोठी क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय बड़ा हादसा हो गया। पतेरिया गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से बच्चे और युवाओं समेत नौ लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो बच्चियों को जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया है।
घटना गुरुवार शाम की बताई गई है। हादसे के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोठी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
हादसे में ये 9 लोग हुए घायल
घायलों में महिमा कोरी (17), अनिल कोरी (34), खुशी कोरी (15), अंशिका कोरी (10), अंचल कोरी (15), सरस्वती कोरी (19), रोहित कोरी (14), अंजली कोरी (17) और मंजली कोरी (16) शामिल हैं। सभी कोठी के वार्ड 14 और 15 के निवासी बताए गए हैं।
गंभीर हालत के चलते अंजली और अंचल को जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया है। बाकी घायलों का उपचार कोठी अस्पताल में जारी है।
पतेरिया गांव के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, कोठी के कोरियान मोहल्ले के निवासी ट्रैक्टर-ट्रॉली से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे। गुरुवार शाम लौटते समय पतेरिया गांव के पास ट्रॉली में सवार लोग ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए।
करंट लगने से ट्रॉली में सवार कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टर ने बताया, करीब 20 लोग अस्पताल पहुंचे
मेडिकल ऑफिसर अनुराग सिंह बागरी के मुताबिक, करंट लगने की घटना के बाद करीब 20 लोगों को अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक जांच के बाद ज्यादातर लोगों को छुट्टी दे दी गई। सात घायलों का इलाज कोठी अस्पताल में चल रहा है, जबकि दो को जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया है।
बिजली लाइन के नीचे से गुजरते समय सावधानी जरूरी
ऊंचाई पर मौजूद बिजली की लाइन के नीचे से ट्रैक्टर-ट्रॉली या अन्य ऊंचे वाहन गुजरने पर गंभीर हादसे का खतरा रहता है। धार्मिक आयोजनों और विसर्जन के दौरान बिजली की लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना और वाहन पर सवार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।