सतना। डिजिटल डेस्क
डेलौरा स्थित गांधी सब्जी बाजार में लहसुन के अवैध कारोबार के खिलाफ मंडी प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। दिन में 83 क्विंटल लहसुन जब्त करने के बाद शनिवार रात करीब 9 बजे फिर छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान लहसुन से लदा एक और ट्रक पकड़ में आया। जांच के दौरान चालक मंडी शुल्क, अनुज्ञा पत्र और वैध क्रय-विक्रय बिल से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सका।
गुप्त सूचना पर रात में पहुंची जांच टीम
जानकारी के मुताबिक, सुबह की कार्रवाई के बाद मंडी प्रशासन की टीम अवैध रूप से संचालित बाजार पर लगातार नजर रख रही थी। रात में गुप्त सूचना मिलने पर भारसाधक अधिकारी राहुल सिलाड़िया के निर्देश पर जांच दल ने डेलौरा क्षेत्र में दबिश दी।
इस दौरान ट्रक क्रमांक MP 04 HE 5847 को रोककर जांच की गई। वाहन में बड़ी मात्रा में अधिसूचित कृषि उपज लहसुन लदा मिला। चालक से मंडी प्रवेश शुल्क, मंडी अनुज्ञा पत्र और वैध क्रय-विक्रय बिल मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद मंडी प्रशासन ने मध्यप्रदेश कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 के तहत वाहन सहित लहसुन जब्त कर लिया।
सुबह 83 क्विंटल लहसुन जब्त, रात में दूसरी कार्रवाई
इससे पहले शनिवार को दिन में मंडी प्रशासन ने इसी बाजार में संचालित कामना ट्रेडर्स और चंदन कुमार लाल प्रसाद नामक दो फर्मों से कुल 83 क्विंटल लहसुन जब्त किया था। इसकी कीमत 13 लाख रुपये से अधिक बताई गई थी।
जांच में सामने आया था कि सीहोर से प्रयागराज के लिए जारी दस्तावेजों का इस्तेमाल सतना में लहसुन लाने और बेचने के लिए किया जा रहा था। अब रात में एक और वाहन पकड़े जाने के बाद इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और दस्तावेजों की जांच महत्वपूर्ण हो गई है।
अवैध कारोबार पर मंडी प्रशासन की नजर
एक ही दिन में दो अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान लहसुन की खेप पकड़े जाने से डेलौरा के इस बाजार में कृषि उपज के कारोबार और परिवहन दस्तावेजों की जांच का दायरा बढ़ गया है। मंडी प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य कारोबारियों पर भी कार्रवाई होती है या नहीं।
यह भी पढ़ें: सतना में प्रयागराज के दस्तावेजों पर बिक रहा था लहसुन! मंडी में कैसे खुला मामला