सतना में विवाद के बाद चाकूबाजी, 4 युवक गंभीर घायल

सतना। डिजिटल डेस्क

कोटर थाना क्षेत्र के गोरैया गांव में शुक्रवार शाम विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई। वारदात में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सतना लाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरैया गांव में एक मेडिकल स्टोर के बाहर धीरज सिंह और विनय पाल के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर धीरज सिंह और उसके साथियों ने विनय पाल के साथ लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट की।

विवाद के बाद चाकू से हमला

बताया गया कि मारपीट के बाद विवाद और बढ़ गया। इसके बाद विनय पाल और उसके साथ मौजूद युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। घटना में शैलेन्द्र सिंह, धीरज सिंह, संदीप सिंह और रजनीश सिंह घायल हुए हैं।

घायलों में शैलेन्द्र पुत्र रामगणेश सिंह, धीरज पुत्र शिवेन्द्र सिंह निवासी बरदाडीह-गोरैया, संदीप पुत्र धनवीर सिंह उम्र 27 वर्ष और रजनीश पुत्र बृजेश प्रताप सिंह उम्र 22 वर्ष निवासी इटौर शामिल हैं।

पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज किए

घटना के बाद परिजन चारों घायलों को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। घटना की सूचना मिलने पर कोटर थाना पुलिस भी सक्रिय हुई और सतना पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए।

पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और चाकूबाजी में कौन-कौन लोग शामिल थे, इन बिंदुओं पर पुलिस जानकारी जुटा रही है।

वीडियो-फोटो से आरोपियों की पहचान की कोशिश

घटना से जुड़े कुछ वीडियो और फोटो भी सामने आए हैं। इनमें मारपीट और चाकूबाजी की घटना दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस इन वीडियो और फोटो की मदद से घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *