सतना। डिजिटल डेस्क
सतना के स्टेशन रोड पर मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक बेकाबू हो गया। ट्रक ने पहले ई-रिक्शा को टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे खड़े तीन दोपहिया वाहनों को चपेट में लेते हुए आर्किटेक्ट के दफ्तर में टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि मौके से भागने की कोशिश कर रहे चालक को लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
प्रेम नर्सिंग होम के मोड़ पर हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे मिनी ट्रक क्रमांक CG 04 MT 0756 सर्किट हाउस की तरफ से जयस्तंभ चौक की ओर जा रहा था। प्रेम नर्सिंग होम के मोड़ पर पहुंचते ही चालक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और गलत दिशा में खड़े तीन दोपहिया वाहनों को टक्कर मारते हुए आर्किटेक्ट आशीष जैन के दफ्तर से जा भिड़ा। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल
हादसे में ई-रिक्शा चालक दिनेश पुत्र रामरूप दाहिया, निवासी कतकोन, थाना नागौद; छमा पाठक पुत्री राकेश पाठक, उम्र 22 वर्ष, निवासी खाम्हा-खूझा, थाना सिविल लाइन; और फुटपाथ पर फूल बेचने वाली सरिता पति सूरज कुशवाहा, उम्र 40 वर्ष, घायल हो गईं।
मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, आर्किटेक्ट के दफ्तर के रिसेप्शन पर बैठे देवेन्द्र पांडेय इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
हादसे के बाद मिनी ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। चालक की पहचान शाहिद पुत्र खलील खान, निवासी कजरी-गोहलपुर, जिला जबलपुर, के रूप में हुई है।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर सीएसपी मनीष त्रिपाठी और कोतवाली थाना प्रभारी हेमंत शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति संभाली और यातायात बहाल कराया। इसके बाद क्रेन की मदद से मिनी ट्रक को हटाकर कोतवाली थाने पहुंचाया गया।
कोतवाली में अपराध दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने चालक शाहिद के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।