सतना। डिजिटल डेस्क
जिले के सोहावल विकासखंड के फुटौंधी गांव स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में सोमवार दोपहर छत का प्लास्टर टूटकर गिर गया। हादसे में पढ़ाई कर रहे चार बच्चे घायल हो गए। इनमें तीन छात्राओं के सिर में चोट लगी है।
घटना दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की बताई गई है। बारिश के कारण स्कूल के कमरों में पानी भर गया था। इसके चलते बच्चों को बरामदे में बैठाकर पढ़ाई कराई जा रही थी।
इसी दौरान बरामदे की छत/छज्जे का प्लास्टर अचानक टूटकर बच्चों के ऊपर गिर गया। प्लास्टर गिरते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे घबराकर इधर-उधर भागने लगे।
तीन छात्राओं के सिर में लगी चोट
हादसे में हर्ष कोल पिता छोटेलाल कोल, पल्लवी कोल पिता कैलाश कोल, जानवी कोल पिता प्रकाश और रागनी पाल पिता राजेंद्र पाल घायल हुए हैं।
बताया गया कि हर्ष कोल, जानवी कोल और रागनी पाल के सिर में चोट लगी है। वहीं पल्लवी कोल के पैर में चोट आई है।
स्कूल में बुलाया गया निजी डॉक्टर
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने घायल बच्चों के उपचार की व्यवस्था कराई। विद्यालय के हेडमास्टर एसएन त्रिपाठी ने स्थानीय निजी डॉक्टर को स्कूल बुलाया, जहां बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया।
घायल छात्रा रागनी पाल के चाचा रजनीश पाल ने बताया कि घटना के बाद डॉक्टर को स्कूल बुलाकर बच्चों का उपचार कराया गया। फिलहाल सभी घायल बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
करीब 10 साल पहले बना था स्कूल भवन
स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार बारिश के कारण स्कूल भवन के छज्जे और प्लास्टर में नमी आई थी। इसी दौरान प्लास्टर टूटकर गिरने की घटना हुई। विद्यालय भवन का निर्माण करीब 10 साल पहले कराया गया था।