कोलगवां थाना क्षेत्र के कृष्णनगर स्थित सरस्वती विद्यालय में फीस विवाद को लेकर छात्रा से कथित मारपीट के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। छात्रा की शिकायत पर विद्यालय के प्राचार्य मुद्रिका प्रसाद दुबे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। अब विद्यालय प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अलग दावा पेश किया है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि उपलब्ध फुटेज में प्राचार्य द्वारा छात्रा के साथ किसी प्रकार की मारपीट होती हुई दिखाई नहीं देती। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
छात्रा ने लगाए थे ये आरोप
छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि फीस जमा नहीं होने के कारण उसे कक्षा से बाहर निकाल दिया गया। विरोध करने पर प्राचार्य ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी नाक से खून निकला और हाथ में चोट आई।
शिकायत में यह भी कहा गया था कि घटना के बाद वह विद्यालय के बाहर काफी देर तक बेसुध पड़ी रही, लेकिन विद्यालय प्रबंधन ने उसे उपचार के लिए अस्पताल नहीं भेजा। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विद्यालय प्रबंधन का दावा
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में छात्रा की नाक पर चोट उसके चाचा की कोहनी लगने से आती दिखाई दे रही है। प्रबंधन का यह भी दावा है कि मुख्य गेट के बाहर छात्रा के चाचा उसे लगातार इशारे कर रहे थे और छात्रा उनके निर्देश के अनुसार पहले बैठी और फिर ड्रेस ठीक करते हुए जमीन पर लेट गई। प्रबंधन का आरोप है कि बाहर से वीडियो रिकॉर्ड किया जा रहा था। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और यह पुलिस जांच का विषय है।
चाचा पर पहले भी हंगामे का आरोप
विद्यालय प्रबंधन ने पहले ही छात्रा के चाचा के खिलाफ कार्यालय में हंगामा और अभद्रता करने की शिकायत पुलिस को दी थी। दूसरी ओर छात्रा पक्ष अपने आरोपों पर कायम है।
अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ था।
यह भी पढ़ें: फीस नहीं देने पर छात्रा को पीटने का आरोप, नाक से निकला खून; प्राचार्य पर FIR