सतना के स्पा सेंटर में आधी रात हंगामा, युवतियों ने संचालक और मैनेजर पर लगाए अभद्रता के आरोप

मध्य प्रदेश के सतना शहर में गुरुवार देर रात एक स्पा सेंटर में उस समय हंगामा मच गया, जब वहां काम करने वाली युवतियों ने संचालक और मैनेजर पर अभद्र व्यवहार और परेशान करने के आरोप लगाए। सूचना पर डायल-112 और पुलिस मौके पर पहुंची।

आयुष्मान हॉस्पिटल के पास स्थित स्पा सेंटर में हुआ विवाद

सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आयुष्मान हॉस्पिटल के समीप स्थित एक स्पा सेंटर में गुरुवार देर रात विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। डायल-112 की टीम करीब रात 12:30 बजे स्पा सेंटर पहुंची, जहां सेंटर में कार्यरत युवतियां मौजूद थीं।

चैनल गेट बंद मिला, पुलिस की मौजूदगी में खुलवाया गया

पुलिस के पहुंचने पर स्पा सेंटर का चैनल गेट बंद मिला। अंदर मौजूद युवतियों ने पुलिस को बताया कि गेट की चाबी मैनेजर के पास है। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में गेट खुलवाया गया और सभी से पूछताछ की गई।

युवतियों ने लगाए अभद्र व्यवहार के आरोप

पूछताछ के दौरान युवतियों ने स्वयं को असम का निवासी बताया। उन्होंने स्पा सेंटर के संचालक और मैनेजर पर अभद्र व्यवहार करने तथा परेशान करने के आरोप लगाए। पुलिस ने तत्काल संचालक को भी मौके पर बुलाकर दोनों पक्षों से बातचीत की।

लिखित शिकायत नहीं दी, पुलिस ने समझाइश देकर मामला कराया शांत

पूछताछ के बाद युवतियों ने किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।

पुलिस का क्या कहना है

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि शिकायत मिलती है तो तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *