सतना की सुरदहा घाटी में ई-रिक्शा पलटा, 14 यात्री घायल; 5 गंभीर

सतना। डिजिटल डेस्क

सतना जिले की सुरदहा घाटी में सोमवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार को बचाने की कोशिश में यात्रियों से भरा ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में पलट गया। हादसे में 14 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित हुआ ई-रिक्शा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुलगढ़ी निवासी एक परिवार के सदस्य सोमवार को ई-रिक्शा से कर्दमेश्वरनाथ शिव मंदिर में दर्शन-पूजन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी लोग शाम करीब 4:30 बजे वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान जसो थाना क्षेत्र के सुरदहा घाट पर अचानक एक बाइक सवार ई-रिक्शा के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को तेजी से सड़क किनारे उतार दिया। इस दौरान ई-रिक्शा अनियंत्रित हो गया और कई फीट नीचे खाई में पलट गया।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार, लोगों ने शुरू किया बचाव

ई-रिक्शा पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने घायलों की मदद शुरू की और डायल 112 पर सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया गया।

इसके बाद एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल नागौद ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

जसो थाना प्रभारी संतोष सिंह धुर्वे के मुताबिक, हादसे में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित कई लोग घायल हुए हैं। घायलों में ममता जायसवाल (25), रामकली जायसवाल (55), अनुज जायसवाल (18), शीला जायसवाल (35), मंगलम जायसवाल (25), हर्षल जायसवाल (6), लकी जायसवाल (12), सुखलाल जायसवाल (32), रिया जायसवाल (10), खुशी जायसवाल (19), पांच माह का शुभ और पुष्पा जायसवाल (8) शामिल हैं। दो अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार कराया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों को गंभीर स्थिति के चलते जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *