सिंगरौली में बच्चों से भरी स्कूल बस टेढ़ी हुई, ग्रामीणों ने बचाई जान

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में शुक्रवार को बच्चों से भरी एक स्कूल बस हादसे का शिकार होते-होते बच गई। कच्ची और फिसलन भरी सड़क पर बस का संतुलन बिगड़ने से वह एक ओर टेढ़ी हो गई। बस में सवार बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह घटना शुक्रवार को सिंगरौली जिले की ग्राम पंचायत कोयलखूंथ में हुई। सविता सरस्वती पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान कच्ची और बारिश से फिसलन भरी सड़क पर बस अनियंत्रित होकर एक तरफ टेढ़ी हो गई। बस के झुकते ही अंदर बैठे बच्चे घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। बच्चों को लगा कि बस किसी भी समय पलट सकती है।

ग्रामीणों ने दिखाई सूझबूझ

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए बस की खिड़कियों और ड्राइवर के गेट से एक-एक कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों की तत्परता और सूझबूझ से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

किसी बच्चे के गंभीर घायल होने की सूचना नहीं

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस कच्ची सड़क में फंसने के बाद संतुलन खो बैठी और एक ओर झुक गई थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी बच्चे के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सड़क की बदहाल स्थिति पर उठे सवाल

घटना के बाद क्षेत्र में स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और ग्रामीण सड़कों की खराब स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कच्ची सड़क की जल्द मरम्मत कराने, स्कूल वाहनों की नियमित फिटनेस जांच सुनिश्चित करने और बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *