सतना। डिजिटल डेस्क
कॉलेज छात्रा को कथित तौर पर लंबे समय से अनुचित यौन संबंध के लिए दबाव बनाने और प्रताड़ित करने के मामले में कोलगवां पुलिस ने 19 वर्षीय छात्र श्रवण श्रीवास उर्फ श्रवण सेन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को जेएफएफसी सोलानी वर्मा की अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी झाली, कोठी का निवासी है और वर्तमान में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के उमरी में रह रहा था। उसके खिलाफ महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से आपत्तिजनक बल प्रयोग, यौन संबंधों की अनुचित मांग, अश्लील टिप्पणी और आपराधिक साजिश से संबंधित बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
छात्रा पर 10 माह से दबाव बनाने का आरोप
पुलिस के अनुसार छात्रा ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि श्रवण पिछले करीब 10 माह से उस पर अनुचित यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर अपनी परिचित युवती के जरिए उस पर दबाव बनाने का प्रयास किया।
जब छात्रा इसके लिए तैयार नहीं हुई तो उसे कथित तौर पर एक सहेली के माध्यम से कोलगवां थाना क्षेत्र के नगर वन के सुनसान इलाके में बुलाया गया।
चार युवतियों ने छात्रा से मारपीट की
पुलिस के अनुसार छात्रा के वहां पहुंचने पर तीन अन्य नकाबपोश युवतियां पहले से मौजूद थीं। आरोप है कि चारों ने मिलकर छात्रा के साथ बेरहमी से मारपीट की।
मारपीट का वीडियो भी बनाया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का आरोप है। इसी मामले में पुलिस पहले ही चार युवतियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर चुकी है।
चारों आरोपियों पर बढ़ाई गई नई धारा
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने चारों युवतियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3) भी बढ़ाई है। पुलिस के अनुसार इन पर पीड़िता को नुकसान पहुंचाने के इरादे से बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप है।
इसी मामले में चारों के खिलाफ पहले से बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज है। पुलिस ने सभी आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला गंभीर
छात्रा से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया था। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम में शामिल आरोपियों की भूमिका, वीडियो बनाए जाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के संबंध में जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: छात्रा पिटाई केस में बड़ा एक्शन, आखिर श्रवण सेन पर भी FIR