छात्रा पिटाई केस में बड़ा एक्शन, आखिर श्रवण सेन पर भी FIR

सतना। डिजिटल डेस्क

कॉलेज छात्रा की दिनदहाड़े पिटाई और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में कोलगवां पुलिस ने आरोपी छात्र श्रवण सेन के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 के तहत छेड़खानी का अपराध दर्ज किया है। परिजनों के अनुरोध पर पुलिस ने पीड़िता के बयान दोबारा दर्ज किए। इसके बाद आरोपी को थाने बुलाकर पूछताछ की गई।

10 माह से परेशान करने का आरोप

पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि श्रवण सेन पिछले करीब 10 महीने से छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था। आरोप है कि छात्रा के लगातार विरोध करने के बाद आरोपी उसे फोन पर धमकाता था और बाइक से उसका पीछा भी करता था।

परिजनों के मुताबिक आरोपी कॉलेज जाने के रास्ते में बाइक अड़ाकर छात्रा के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता था। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी की करीबी युवती के माध्यम से छात्रा को धमकियां दिलाई जाती थीं।

यह भी पढ़ें: FIR में नाम के बावजूद युवक पर केस नहीं, 4 छात्राओं पर अपराध दर्ज; छात्रा की पिटाई और वीडियो वायरल करने का मामला

नगर वन बुलाकर पिटाई का आरोप

परिजनों के मुताबिक जब छात्रा ने कथित दबाव का विरोध जारी रखा तो उसे बहाने से नगर वन बुलाया गया। वहां चार युवतियों ने उसके साथ मारपीट की।

आरोप है कि छात्रा की पिटाई का वीडियो भी बनाया गया। मारपीट के दौरान उसे वीडियो कॉल पर श्रवण सेन से माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया। इस मामले में पुलिस पहले ही मारपीट में शामिल बताई जा रही युवतियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है।

वीडियो वायरल होने के बाद घर से निकलना मुश्किल

पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को बताया कि छात्रा को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से अभी भी धमकियां मिल रही हैं। परिजनों का आरोप है कि 10 सितंबर को छात्रा की पिटाई का वीडियो इंस्टाग्राम के एक ग्रुप में वायरल किया गया।

वीडियो सामने आने के बाद छात्रा मानसिक दबाव में है और घर से बाहर निकलने से बच रही है। परिजनों के अनुसार आरोपी की कथित छेड़खानी के कारण छात्रा पहले ही कॉलेज जाना छोड़ चुकी थी।

यह भी पढ़ें: बाजार ले जाने के बहाने छात्रा को सुनसान जगह ले गई सहेली, 3 साथियों संग मिलकर पीटा; वीडियो वायरल

इंस्टाग्राम ग्रुप से संपर्क का आरोप

पीड़िता के बयान के आधार पर परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी और उसके साथियों की गतिविधियां इंस्टाग्राम के एक ग्रुप के जरिए संचालित होती थीं।

बताया गया कि आरोपी की करीबी युवती ने पिछले साल दिसंबर में छात्रा को इस ग्रुप से जोड़ा था। परिजनों के मुताबिक ग्रुप में श्रवण सेन भी मौजूद था। आरोप है कि बाद में छात्रा को अश्लील संदेश भेजे गए और उस पर कथित तौर पर संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया गया।

पुलिस ने मोबाइल किए जब्त

कोलगवां पुलिस ने शुक्रवार को श्रवण सेन के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 के तहत मामला दर्ज किया। इससे पहले पुलिस आरोपी की करीबी युवती समेत मारपीट में शामिल बताई गईं चार अन्य युवतियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर चुकी है।

पुलिस ने इन पांच आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से डिलीट डेटा की जांच और रिकवरी के लिए इन्हें फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा।

पुलिस की जांच में सोशल मीडिया ग्रुप, मोबाइल डेटा और वायरल वीडियो से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

मजिस्ट्रेट के सामने बयान की संभावना

पुलिस कार्रवाई के अगले चरण में पीड़िता के बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए जा सकते हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 19 सितंबर को बीएनएस की धारा 183 के तहत बयान दर्ज होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: छात्रा मारपीट केस में बड़ा एक्शन, 4 आरोपी छात्राओं समेत छात्र के मोबाइल जब्त; डिलीट डेटा खोलेगा राज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *