सतना। डिजिटल डेस्क
अमरपाटन कस्बे के एक निजी स्कूल में फीस जमा नहीं होने पर छात्र को अर्धवार्षिक परीक्षा में बैठने से रोकने का मामला सामने आया है। छात्र को परीक्षा दिलाने पहुंचे उसके बड़े भाई के साथ स्कूल प्रबंधक और ड्राइवर द्वारा कथित मारपीट की गई। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फीस बकाया होने पर परीक्षा कक्ष में जाने से रोका
पुलिस के मुताबिक, 20 वर्षीय युवक मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपनी मां के साथ छोटे भाई को अर्धवार्षिक परीक्षा दिलाने बाल भारती प्राइवेट स्कूल पहुंचा था। आरोप है कि शिक्षक मनोज गुप्ता ने फीस बकाया होने की बात कहते हुए छात्र को परीक्षा कक्ष में जाने से रोक दिया।
इसके बाद छात्र, उसकी मां और बड़ा भाई स्कूल के प्रबंधक अभिजीत गुप्ता से मिलने कार्यालय पहुंचे। परिजनों ने छात्र को परीक्षा में शामिल कराने का अनुरोध किया, लेकिन इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई।
बहस के बाद भाई-बहन से मारपीट का आरोप
शिकायत के अनुसार, कार्यालय से बाहर निकलते समय प्रबंधक अभिजीत गुप्ता और उनके ड्राइवर प्रदीप कुमार ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों ने छात्र और उसके बड़े भाई के साथ मारपीट की।
झूमा-झटकी के दौरान युवक का मोबाइल फोन जमीन पर गिरकर टूट गया। खुद को बचाने के लिए युवक स्कूल की छत पर जाकर बैठ गया।
डायल-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना डायल-112 पर मिलने के बाद पुलिस टीम स्कूल पहुंची। पुलिस ने छात्र, उसकी मां और उसके भाई को वहां से बाहर निकालकर थाने पहुंचाया। इसके बाद युवक का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्कूल प्रबंधक और ड्राइवर के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।