सिवनी। डिजिटल डेस्क
रेलवे में टीसी की सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवक से 4.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच के बाद छपारा पुलिस ने जबलपुर निवासी सतीश सागर और उसकी पत्नी सीवा सागर के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार हाइवे कॉलोनी छपारा निवासी प्रतीक राजपूत सितंबर 2025 में जबलपुर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान त्रिपुरी चौक क्षेत्र में उसकी पहचान सतीश सागर से हुई।
आरोप है कि सतीश ने प्रतीक को रेलवे में टीसी की भर्ती में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। उसने बताया कि परीक्षा हो चुकी है और अब इंटरव्यू तथा मेडिकल की प्रक्रिया चल रही है।
इसके बदले सतीश ने 5 लाख रुपये एडवांस और ज्वाइनिंग लेटर मिलने के बाद 3 लाख रुपये देने की बात कही। शुरुआत में प्रतीक से 50 हजार रुपये जमा करने को कहा गया।
फर्जी मेडिकल लेटर भेजकर दिल्ली बुलाया
शिकायत के मुताबिक सतीश ने प्रतीक के मामा के मोबाइल नंबर पर उसके नाम का मेडिकल कॉल लेटर वॉट्सऐप के जरिए भेजा। लेटर मिलने के बाद प्रतीक मेडिकल प्रक्रिया के लिए दिल्ली पहुंचा।
वहां उसके ब्लड और यूरिन के नमूने लिए गए। कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने के बाद उसे वापस भेज दिया गया। इसके बाद सतीश लगातार नौकरी लगने और ज्वाइनिंग की प्रक्रिया पूरी होने का भरोसा देता रहा।
बाद में प्रतीक को कथित तौर पर पता चला कि उसके साथ नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी की गई है।
अलग-अलग किश्तों में खाते में भेजे रुपये
शिकायत के अनुसार प्रतीक के मामा के बैंक खाते से अलग-अलग तारीखों पर सतीश के खाते में ऑनलाइन रकम भेजी गई। 11 फरवरी को 20 हजार रुपये और 18 तथा 28 फरवरी को 50-50 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए।
इसके बाद सतीश और उसकी पत्नी के छपारा स्थित घर आने पर प्रतीक ने 1.70 लाख रुपये नकद दिए। वहीं, प्रतीक ने अपने रूममेट अमन रजक के खाते से सतीश की पत्नी के खाते में 2 लाख रुपये भी जमा कराए।
इस तरह अलग-अलग माध्यमों से कुल करीब 4.90 लाख रुपये लिए जाने का आरोप है।
कई लोगों से रकम लेने का आरोप
प्रतीक ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सतीश ने इसी तरह रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर अन्य लोगों से भी पैसे लिए हैं। पुलिस अब इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
आरोपी दंपति फरार, पुलिस कर रही जांच
छपारा थाना प्रभारी खैमेंद्र जैतवार ने बताया कि मामले में सतीश सागर और उसकी पत्नी सीवा सागर के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपियों की तलाश कर रही है।