जबलपुर। डिजिटल डेस्क
गंगानगर गढ़ा स्थित पीएम श्री रानी दुर्गावती कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में कक्षा 7वीं की छात्रा को शिक्षक द्वारा डस्टर फेंककर मारने का मामला सामने आया है। डस्टर छात्रा के सिर में लगा, जिससे वह घायल हो गई। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि शिक्षा विभाग ने शिक्षक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
बताया गया है कि कक्षा 7वीं सेक्शन ए में छात्राएं पढ़ाई कर रही थीं। इसी दौरान शिक्षक आशीष जैन ने छात्रा की ओर डस्टर फेंका। डस्टर छात्रा के सिर में लगने से चोट आई और खून निकलने लगा।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए
घटना के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे चक्कर आने और परेशानी होने पर अन्य छात्राओं ने इसकी जानकारी दूसरे शिक्षकों को दी। घटना की जानकारी परिजनों तक पहुंची तो छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के साथ डॉक्टरों ने सिर में लगी चोट को देखते हुए छात्रा की एमआरआई भी कराई। इसके बाद परिजनों ने संजीवनी नगर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिक्षक ने कहा- बच्ची से बात करने पर डस्टर फेंका था
मामले में शिक्षक आशीष जैन का कहना है कि छात्रा पढ़ाई के दौरान दूसरी बच्ची से बात कर रही थी। उसका ध्यान पढ़ाई की ओर दिलाने के लिए उन्होंने डस्टर फेंका था, जो इत्तेफाक से छात्रा के सिर में लग गया।
शिक्षक ने यह भी कहा कि छात्रा को नुकसान पहुंचाने का उनका कोई इरादा नहीं था।
जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया नोटिस
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे ने शिक्षक आशीष जैन को नोटिस जारी किया है। उनसे घटना को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि किसी भी छात्र या छात्रा के साथ मारपीट नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने घटना को गलत बताते हुए शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर होगी कार्रवाई
स्कूल के प्राचार्य आरएन श्रीवास्तव ने बताया कि वह वर्तमान में अवकाश पर हैं, लेकिन उन्हें घटना की जानकारी मिली है। घटना के संबंध में संयुक्त संचालक और जिला शिक्षा अधिकारी के पत्र स्कूल पहुंचे हैं।
उन्होंने बताया कि शिक्षक से जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।