सतना। डिजिटल डेस्क
विश्व फोटोग्राफी दिवस के मौके पर सतना फोटोग्राफी ट्रेड एसोसिएशन और जायंट्स ग्रुप ऑफ सतना के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फोटोग्राफी के क्षेत्र में लंबे समय से योगदान दे रहे वरिष्ठ फोटोग्राफरों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े सदस्यों को सम्मानित किया गया।
हरि नारायण चौरसिया और श्वेता द्विवेदी सम्मानित
समारोह में फोटोग्राफी के क्षेत्र में लंबे समय से सेवाएं दे रहे वरिष्ठ फोटोग्राफर हरि नारायण चौरसिया और सतना की पहली महिला फोटोग्राफर श्वेता द्विवेदी को सम्मानित किया गया। दोनों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले फोटोग्राफरों और एसोसिएशन के सक्रिय सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
फोटोग्राफी के बदलते स्वरूप पर हुई चर्चा
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा मध्यप्रदेश की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. भरत पाठक और डॉ. मुकेश एंगल मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रवि शंकर गौरी ने की।
डॉ. मुकेश एंगल ने फोटोग्राफी के बदलते स्वरूप और आधुनिक तकनीक पर चर्चा की। उन्होंने डिजिटल दौर में फोटोग्राफरों के सामने आने वाली चुनौतियों और इस क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं को भी रेखांकित किया।
तस्वीरें समाज और इतिहास को सहेजती हैं
डॉ. भरत पाठक ने कहा कि फोटोग्राफी सिर्फ तस्वीर खींचने तक सीमित नहीं है। यह समाज, संस्कृति और इतिहास को सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि तस्वीरों के जरिए किसी दौर की घटनाओं, लोगों और सामाजिक बदलावों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सकता है।
मुख्य अतिथि डॉ. नंदिता पाठक ने कहा कि फोटोग्राफी से जुड़े लोग लोगों की खुशियों को तस्वीरों में संजोने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों बाद पुरानी तस्वीरें देखने पर बीते समय की यादें फिर से ताजा हो जाती हैं।
सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय एसोसिएशन
एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी ने संगठन की गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की ओर से रामनवमी शोभायात्रा में सहभागिता के साथ रक्तदान और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम भी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य फोटोग्राफी व्यवसाय से जुड़े लोगों को एकजुट करना, उनके हितों के लिए काम करना और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना है।
जायंट्स ग्रुप ऑफ सतना की अध्यक्ष मीनाक्षी नेमा ने कहा कि फोटोग्राफर समाज के महत्वपूर्ण पलों को कैमरे में कैद कर उन्हें आने वाली पीढ़ियों के लिए यादगार बनाते हैं।
बड़ी संख्या में फोटोग्राफर रहे मौजूद
कार्यक्रम के अंत में विनोद पंडित ने अतिथियों, सम्मानित फोटोग्राफरों और उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सोमदेव मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ सतना से राजेश अग्रवाल, राजेश खत्री, समरेन्द्र सिंह, रामओतार त्रिपाठी, विन्दु श्रीवास्तव और नितिन नेमा सहित शहर के वरिष्ठ एवं युवा फोटोग्राफर मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विनोद तिवारी, कुलदीप चौरसिया, केसी गुप्ता, ओम गुप्ता, रामू गुप्ता, पुनीत सोनी, शंकर वर्मा, मनीष पटेल, अनिल गुप्ता, दीपक रैकवार, शिव कनौजिया, अमित गुप्ता, शुभम चौरसिया, शिवम सोनी, टीटू जायसवाल, सोनू चौरसिया, राजीव तिवारी, रोहित सिंह, पवन मिश्रा, संजीत भारती, रविंद्र द्विवेदी और शैलेंद्र भारती समेत कई फोटोग्राफर शामिल हुए।