तमिलनाडु की राजनीति में नया मोड़: अन्नामलाई ने छोड़ी बीजेपी

चेन्नई। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी नेतृत्व ने उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है, जिससे उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।

जानकारी के मुताबिक अन्नामलाई ने कुछ दिन पहले पार्टी नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंपा था। इसके बाद भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ उनकी कई दौर की बातचीत भी हुई, लेकिन अंततः पार्टी ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया।

पूर्व आईपीएस अधिकारी रहे अन्नामलाई तमिलनाडु में भाजपा का सबसे चर्चित चेहरा माने जाते रहे हैं। वर्ष 2021 से 2025 तक प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने राज्य में पार्टी के विस्तार के लिए कई बड़े अभियान चलाए और भाजपा को नई पहचान दिलाने की कोशिश की।

इस्तीफे के बाद अब उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई रिपोर्टों में दावा किया गया है कि अन्नामलाई जल्द ही अपने समर्थकों के साथ नई राजनीतिक पहल या संगठन की घोषणा कर सकते हैं, हालांकि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अन्नामलाई का भाजपा से अलग होना तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरण पैदा कर सकता है। खासतौर पर ऐसे समय में जब राज्य की राजनीति में नए दलों और नए नेतृत्व की संभावनाओं पर चर्चा चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *