जीजा का खूनी खेल: पत्नी को ससुराल वालों ने नहीं भेजा तो साले पर की ताबड़तोड़ फायरिंग; CCTV में वारदात कैद

रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पत्नी को मायके से वापस नहीं भेजे जाने से नाराज एक युवक थार गाड़ी लेकर अपने ससुराल पहुंच गया और गुस्से में अपने साले पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक घायल हो गया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

घटना रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र की है। घायल युवक जीशान अली का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले उसके बहनोई ने उसकी बहन के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद से उसकी बहन मायके में रह रही थी और मानसिक रूप से भी परेशान होने के कारण उसका इलाज चल रहा था। परिवार का कहना था कि इलाज पूरा होने तक उसे ससुराल नहीं भेजा जाएगा।

पहले फोन पर धमकी, फिर थार लेकर पहुंचा

पीड़ित परिवार के मुताबिक, बहनोई लगातार पत्नी को वापस भेजने का दबाव बना रहा था। जब परिवार ने मना कर दिया तो उसने फोन पर गाली-गलौज की और गोली मारने की धमकी भी दी। इसके बाद आरोपी थार गाड़ी से ससुराल पहुंच गया।

दुकान में घुसाई गाड़ी, फिर चला दी गोली

जीशान का आरोप है कि वह अपने केबिन में बैठा था, तभी आरोपी ने पहले थार से टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाया। इसके बाद उसने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने कई राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली जीशान के पैर में लगी। घायल होने के बावजूद उसने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी की पिस्टल छीन ली और पुलिस के हवाले कर दी।

महिला पुलिसकर्मी को भी दिया धक्का

घटना के दौरान सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि आरोपी ने पुलिस कार्रवाई का भी विरोध किया और एक महिला कांस्टेबल को धक्का दे दिया। इसके बाद हालात पर काबू पाया गया और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में आरोपी की थार से पहुंचने, फायरिंग करने और मौके पर अफरा-तफरी मचने का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। यही फुटेज अब पुलिस जांच का अहम आधार बनी हुई है।

पुलिस ने क्या कहा?

रामपुर के अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जीजा और साले के बीच पारिवारिक विवाद का सामने आया है। आरोपी ने ससुर की दुकान में गाड़ी घुसाने के बाद फायरिंग की, जिससे साले को गोली लगी। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *