छिंदवाड़ा। शहर के लालबाग इलाके में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब किराए के मकान में रह रही एक एमए छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के भीतर मिला। छात्रा के गले पर निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एमए की पढ़ाई के लिए किराए पर रहती थी छात्रा
पुलिस के अनुसार, चांद क्षेत्र के ग्राम खुटिया झंझरिया निवासी 22 वर्षीय निशा उईके शहर के गर्ल्स कॉलेज में एमए की पढ़ाई कर रही थी। वह अपनी दो रिश्तेदार युवतियों के साथ लालबाग स्थित अनिल जायसवाल की बिल्डिंग में किराए के कमरे में रहती थी।
सहेली पहुंची तो बिस्तर पर मिला शव
शुक्रवार शाम जब उसके साथ रहने वाली युवती कमरे पर पहुंची तो निशा बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी मिली। उसके गले पर संदिग्ध निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि गला घोंटकर हत्या की गई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
संदेही से पूछताछ की खबर
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस के सामने एक संदेही का नाम आया है। कोतवाली पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी और देर रात उसे राउंडअप कर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी तक किसी की गिरफ्तारी या हिरासत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बिल्डिंग की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस बिल्डिंग में घटना हुई, वहां कई कमरे किराए पर संचालित होते हैं। इसके बावजूद वहां सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। लोगों का आरोप है कि यहां देर रात तक बाहरी युवकों का आना-जाना लगा रहता है। विरोध करने पर विवाद की स्थिति भी बनती रही है। अब इस घटना के बाद किराए के मकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस जुटी जांच में
कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।