बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण देश में हृदय रोग, मधुमेह, मोटापा और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ आसान आदतों को अपनाकर इन बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
डॉक्टरों के अनुसार, रोजाना कम से कम 30 मिनट पैदल चलना, संतुलित आहार लेना और पर्याप्त नींद लेना अच्छे स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। नियमित व्यायाम न केवल वजन नियंत्रित रखने में मदद करता है, बल्कि हृदय को भी मजबूत बनाता है।
आन्या हेल्थ केयर के मेडिकल स्पेशलिस्ट डॉ. अखिलेश प्रताप सिंह बताते हैं कि आजकल युवा वर्ग में भी तनाव, मोटापा और डायबिटीज के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसका प्रमुख कारण लंबे समय तक बैठकर काम करना, जंक फूड का अधिक सेवन और शारीरिक गतिविधियों की कमी है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि भोजन में हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल किया जाए। साथ ही अत्यधिक चीनी, नमक और तले हुए खाद्य पदार्थों से दूरी बनाई जाए।
डॉक्टरों का कहना है कि नियमित स्वास्थ्य जांच भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। समय-समय पर ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की जांच कराने से कई गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने से न केवल बीमारियों का खतरा कम होता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है और जीवन की गुणवत्ता में सुधार आता है।