झारखंड में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने तीन बेटियों का गला रेता, गांव में मचा कोहराम

झारखंड के गिरिडीह जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपनी ही तीन मासूम बेटियों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मोहनपुर पंचायत के तुरुकडीहा गांव की घटना

यह घटना गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत स्थित तुरुकडीहा गांव में हुई। सोमवार सुबह जब घटना की जानकारी ग्रामीणों को मिली तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

तीन मासूम बेटियों की गई जान

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान नंदू उर्फ नंदकिशोर यादव के रूप में हुई है। उस पर अपनी तीन बेटियों की हत्या का आरोप है। मृत बच्चियों में बड़ी बेटी पल्लवी यादव (करीब 12-14 वर्ष) और दो छोटी बेटियां रिद्धि व सिद्धि शामिल हैं। रिद्धि और सिद्धि जुड़वां बहनें बताई जा रही हैं।

घर के अंदर दिया वारदात को अंजाम

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने घर के भीतर ही धारदार हथियार से बच्चियों पर हमला किया। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर परिवार और आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। तीनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी और बेटा बच गए

स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के दौरान आरोपी की पत्नी और बेटा घर के दूसरे हिस्से में चले गए थे, जिससे उनकी जान बच गई। वारदात के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मुफस्सिल थाना पुलिस ने आरोपी पिता को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हत्या के पीछे क्या है वजह?

अब तक हत्या के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पारिवारिक विवाद, मानसिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *