पारिवारिक विवाद: राजपरिवार में चली गोली, बहू घायल

सतना। नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी में गुरुवार को पारिवारिक विवाद के दौरान गोली चलने से राजपरिवार की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को पहले सतना में प्राथमिक उपचार दिया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार पूर्व मंत्री एवं नागौद विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह गोली लगने से घायल हुई हैं। घटना के समय योगिता सिंह अपने मायके पक्ष के परिजनों के साथ परसमनिया गढ़ी में मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हो रही थी।

इसी दौरान विवाद बढ़ने पर गोली चलने की घटना हुई। पुलिस के अनुसार मामले में एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि फायरिंग के दौरान योगिता सिंह के पेट में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उन्हें रीवा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद गढ़ी परिसर में तनाव की स्थिति बन गई थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं, फायरिंग के कारणों और हथियार के संबंध में जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार व्यक्तियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *