बालाघाट के माइक्रो इरिगेशन प्लांट में भीषण आग, करोड़ों की सामग्री जलकर खाक

फॉरेंसिक जांच से सामने आएगा आग लगने का कारण

बालाघाट। जिले के लामता थाना क्षेत्र के परतापुर स्थित राघवटोला में गुरुवार को निर्माणाधीन माइक्रो इरिगेशन परियोजना के प्लांट में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में प्लांट में रखे प्लास्टिक पाइप, मशीनरी और अन्य महंगी सामग्री आ गई। आग इतनी विकराल थी कि उसका काला धुआं करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा। घटना की सूचना मिलते ही बालाघाट सहित आसपास के क्षेत्रों से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लंबे समय तक चली मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

करोड़ों की सामग्री के नुकसान की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्लांट में माइक्रो इरिगेशन परियोजना से जुड़ी करोड़ों रुपये की सामग्री रखी हुई थी। हालांकि कंपनी प्रबंधन और पुलिस ने अभी तक नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है। प्रारंभिक स्तर पर भारी आर्थिक क्षति की आशंका जताई जा रही है।

रंगदारी के एंगल की भी जांच

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि आगजनी से एक दिन पहले कुछ लोगों ने कथित रूप से कंपनी प्रतिनिधियों से रकम की मांग की थी। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट किए जाने की भी बातें सामने आ रही हैं। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां इस पहलू को भी अन्य संभावित कारणों के साथ जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही हैं।

जनप्रतिनिधियों के नाम की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं

स्थानीय स्तर पर कुछ जनप्रतिनिधियों के नाम चर्चा में आने की बातें भी सामने आई हैं। वहीं सूत्रों के अनुसार कुछ संदिग्धों से पूछताछ किए जाने की जानकारी मिल रही है। हालांकि पुलिस ने न तो किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है और न ही किसी जनप्रतिनिधि की संलिप्तता स्वीकार की है। इसलिए इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

विधायक पहुंचे घटनास्थल

आगजनी की सूचना मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों से घटना की जानकारी ली गई। पुलिस और तकनीकी टीम आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी भी व्यक्ति की भूमिका और घटना के वास्तविक कारणों पर आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *