मां को बचाने तेंदुए से भिड़ा बेटा, दोनों घायल; कोठे में किया कैद

छिंदवाड़ा। डिजिटल डेस्क

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में मां पर हमला कर रहे तेंदुए से बेटा भिड़ गया। मां की चीख सुनकर उसे बचाने पहुंचे युवक और तेंदुए के बीच काफी देर तक संघर्ष हुआ। इस घटना में मां-बेटे दोनों घायल हो गए। युवक ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को बकरी के कोठे में बंद कर दिया। वन विभाग की टीम ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

बकरी के कोठे के पास महिला पर किया हमला

घटना पश्चिम वनमंडल के मुजावर माल गांव की है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 6:30 बजे 50 वर्षीय गीता, पत्नी संतराम बट्टी, गांव की बस्ती से कुछ दूरी पर खेत के पास स्थित बकरी के कोठे के नजदीक से गुजर रही थीं।

इसी दौरान कोठे में घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में महिला घायल हो गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर 32 वर्षीय बेटा सनोज उन्हें बचाने पहुंचा।

मां को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ा बेटा

मां को तेंदुए के हमले से बचाने के लिए सनोज सीधे उससे भिड़ गया। दोनों के बीच काफी देर तक संघर्ष चला। इस दौरान सनोज भी घायल हो गया।

इसके बाद युवक ने तेंदुए को बकरी के कोठे में बंद कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल मां-बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों की हालत स्थिर बताई गई है।

वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओ अलका भूरिया और सांवरी रेंजर हिमांशु विश्वकर्मा सहित वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने पहले घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

रेंजर हिमांशु विश्वकर्मा के मुताबिक, तेंदुए के हमले में एक महिला और युवक घायल हुए हैं। तेंदुए ने कोठे में बंधी दो बकरियों का भी शिकार किया है। एसडीओ अलका भूरिया ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दी।

ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

गांव के आसपास तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है। वन क्षेत्र या झाड़ियों के पास जाते समय सावधानी बरतें। तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने, उसे घेरने या पकड़ने की कोशिश न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *