छिंदवाड़ा। डिजिटल डेस्क
छिंदवाड़ा में MD ड्रग्स की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान सामने आए कनेक्शन के आधार पर पुलिस सिवनी से नागपुर तक जुड़े कथित सप्लाई नेटवर्क तक पहुंची।
इमलीखेड़ा में ड्रग्स की डील से पहले पुलिस ने पकड़ा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि सिवनी निवासी एक युवक MD ड्रग्स लेकर छिंदवाड़ा के इमलीखेड़ा क्षेत्र में पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की।
पुलिस ने मौके से सिवनी निवासी 27 वर्षीय विशाल पिता रामकुमार विश्वकर्मा और न्यूटन के त्रिमूर्ति चौक निवासी 28 वर्षीय अनिमेष पिता राजेंद्र सूर्यवंशी को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, अनिमेष कथित तौर पर MD ड्रग्स खरीदने के लिए पहुंचा था।
दोनों के पास से 15 ग्राम MD ड्रग्स और एक बाइक बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पूछताछ में सामने आया नागपुर कनेक्शन
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती कार्रवाई के बाद विशाल से पूछताछ की गई। इसमें उसने MD ड्रग्स नागपुर के तेकानाका निवासी 49 वर्षीय अब्दुल रशीद पिता अब्दुल रहमान कुरैशी से खरीदने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस ने नागपुर पहुंचकर अब्दुल रशीद को भी गिरफ्तार किया। इस तरह जांच सिवनी से शुरू होकर छिंदवाड़ा और फिर नागपुर तक पहुंची।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और MD ड्रग्स की सप्लाई के स्रोत के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
3.81 लाख रुपये से ज्यादा का मशरूका जब्त
पुलिस ने कार्रवाई में 15 ग्राम MD ड्रग्स, तीन मोबाइल फोन, दो बाइक और नकदी समेत कुल 3 लाख 81 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त किए जाने की जानकारी दी है।
बरामद MD ड्रग्स की कीमत करीब 37 हजार रुपये बताई गई है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आगे की जांच में ड्रग्स की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस टीम को पुरस्कार देने की घोषणा
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को एसपी अजय पांडे ने पुरस्कृत करने की घोषणा की है। टीम में सीएसपी अभिषेक चौधरी, टीआई आशीष धुर्वे, एसआई नारायण बघेल, एएसआई ब्रिजेश रघुवंशी, प्रधान आरक्षक युवराज रघुवंशी, आरक्षक परवेज आजमी, विकास बैस, सागर डेहरिया, भास्कर बघेल तथा साइबर टीम के नितिन और आदित्य शामिल रहे।