मोहन भागवत के बयान पर दिग्विजय का भाजपा पर तंज- ‘मुझ पर हमला क्यों करते हैं?’

रीवा। डिजिटल डेस्क।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका में दिए गए हालिया बयान को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भागवत ने अमेरिका में जिन बातों का उल्लेख किया है, वे बातें वह लंबे समय से कहते आ रहे हैं, लेकिन उनके बयानों को लेकर भाजपा नेता लगातार उन पर हमला करते रहे हैं।

‘भागवत की बातों पर भाजपा नेता क्यों चुप हैं?’

रीवा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि मोहन भागवत ने अमेरिका में मुसलमानों को बाहर भेजना हिंदुत्व नहीं होने और भारत की अनेकता में एकता को उसके डीएनए का हिस्सा बताया है। उन्होंने कहा कि ये बातें वह खुद भी लगातार कहते रहे हैं।

दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाया कि जब वह इसी तरह की बातें कहते हैं तो भाजपा नेताओं की ओर से उन पर तीखी टिप्पणियां की जाती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें ‘मुल्ला’ और पाकिस्तान भेजने जैसे बयानों से निशाना बनाया जाता है, लेकिन आरएसएस प्रमुख के इसी तरह के बयान पर गिरिराज सिंह जैसे भाजपा नेता चुप क्यों हैं।

‘जिस देश में कमाते हो, उसके प्रति पहले निष्ठा’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मोहन भागवत ने भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिकों से यह भी कहा कि जिस देश में वे कमाते हैं, उसके प्रति पहले निष्ठा होनी चाहिए और जन्मभूमि दूसरे स्थान पर है।

दिग्विजय सिंह ने जनसंघ और आरएसएस की विचारधारा पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा इसी विचारधारा को देश पर थोपना चाहती है। उन्होंने मुसलमानों के घर गिराए जाने और उन पर कथित तौर पर फर्जी देशद्रोह के आरोप लगाए जाने को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति से देश की सामाजिक समरसता और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना प्रभावित होती है।

चंदा और चढ़ावे के मुद्दे पर अक्टूबर में पदयात्रा

दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर में चंदा चोरी और चढ़ावे में कथित घोटाले के विरोध में अक्टूबर में पदयात्रा निकालने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वह खुद को सनातनी मानते हैं और इस मुद्दे को लेकर दशहरा से पदयात्रा शुरू करेंगे।

उनके मुताबिक यात्रा उज्जैन के महाकाल मंदिर से शुरू होकर अयोध्या में समाप्त होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महाकाल और ओरछा में रामराज से जुड़े मामलों में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है और उनके पास इसके प्रमाण हैं।

स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग

दिग्विजय सिंह ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर चल रहे आदिवासी कांग्रेस के अनिश्चितकालीन धरने में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के मुद्दे पर स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा लेकर रहेंगे।

उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरत पड़ी तो पूरे प्रदेश से आदिवासी समुदाय के लोगों को रीवा लाया जाएगा।

पत्रकार वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष इंजीनियर राजेंद्र शर्मा, महापौर अजय मिश्रा बाबा और शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक पटेल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *