छिंदवाड़ा जिले में मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। गुरुवार को बिछुआ ब्लॉक में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कई क्लीनिकों पर छापेमारी की। कार्रवाई की भनक लगते ही कई गैर मान्यता प्राप्त डॉक्टर अपने क्लीनिक बंद कर मौके से भाग निकले, जबकि एक अवैध क्लीनिक को सील कर दवाएं जब्त कर ली गईं।
छापेमारी की खबर मिलते ही मच गया हड़कंप
स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बिछुआ ब्लॉक के विभिन्न गांवों में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही खमारपानी क्षेत्र में कई गैर मान्यता प्राप्त डॉक्टर अपने क्लीनिक बंद कर मौके से फरार हो गए। टीम ने मौके पर पहुंचकर कई क्लीनिकों की जांच की और दस्तावेजों का सत्यापन किया।
सागौनवन में अवैध क्लीनिक सील
संयुक्त टीम ने सागौनवन गांव में संचालित एक क्लीनिक की जांच की। जांच के दौरान संचालक एस. मंडल वैध शैक्षणिक योग्यता और क्लीनिक संचालन की अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद टीम ने क्लीनिक को तत्काल सील कर दिया और वहां रखी दवाओं को जब्त कर लिया।
मेडिकल स्टोर के दस्तावेज भी खंगाले
कार्रवाई के दौरान टीम ने रियांशी मेडिकल स्टोर्स का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल स्टोर के लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। अधिकारियों ने नियमों का पालन करने और सभी वैध दस्तावेज उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
दस्तावेज जमा कराने के दिए निर्देश
खमारपानी में एक अन्य क्लीनिक की जांच के दौरान टीम ने अनुमति संबंधी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं मिलने पर संचालक को सभी आवश्यक रिकॉर्ड सीबीएमओ कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मरीजों की सुरक्षा के लिए अभियान जारी
अधिकारियों के अनुसार बिना मान्यता और आवश्यक अनुमति के चिकित्सा सेवाएं देना कानून का उल्लंघन है और इससे मरीजों की जान खतरे में पड़ सकती है। ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी जिलेभर में इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस अभियान में नायब तहसीलदार चरण सिंह, सीबीएमओ डॉ. निलेश सिडाम, डॉ. सघन सक्सेना, फार्मासिस्ट मिथुन मस्तकार, श्री खान, अविनाश बनके तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।