चित्रकूट गैंगरेप: 50 हजार के इनामी मुख्य आरोपी से शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली; सिपाही भी घायल

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में NEET की तैयारी कर रही छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के तीन दिन बाद पुलिस ने 50 हजार के इनामी मुख्य आरोपी जितेन्द्र उर्फ भोले को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक पुलिस आरक्षी भी घायल हो गया। अब पुलिस अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


22 जुलाई को हुई थी दिल दहला देने वाली वारदात

22 जुलाई को मध्य प्रदेश के सतना जिले की रहने वाली NEET छात्रा अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ उत्तर प्रदेश के चित्रकूट स्थित देवांगना पहाड़ी क्षेत्र घूमने गई थी। आरोप है कि वहां तीन युवकों ने दोनों को रोक लिया। छात्रा के साथी को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई और छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

चित्रकूट गैंगरेप मामले में घटनास्थल पर पुलिस और जांच टीम निरीक्षण करती हुई।

पीड़िता ने फोटो देखकर की आरोपियों की पहचान

चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, विवेचना के दौरान 24 जुलाई को तीन आरोपियों के नाम सामने आए। इनमें—

  • जितेन्द्र उर्फ भोले पुत्र देवराज पटेल निवासी ग्राम कल्ला
  • विवेक कुमार पटेल पुत्र नरेश कुमार पटेल निवासी रैपुरवा माफी
  • प्रवीण पटेल पुत्र शिवमूरत निवासी मानपुर (हाल पता कल्ला)

पीड़िता और उसके साथ मौजूद युवक ने तीनों आरोपियों की तस्वीरें देखकर उनकी पहचान की थी।

25 हजार से बढ़ाकर किया गया 50 हजार का इनाम

पहले चित्रकूट पुलिस ने तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG), चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बांदा की स्वीकृति के बाद इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दी गई।

मड़फा जंगल में हुआ शॉर्ट एनकाउंटर

चित्रकूट गैंगरेप मामले के घटनास्थल पर पुलिस द्वारा सील किए गए इलाके में पड़ी आराेपी की बाइक।

शनिवार 25 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने भरतकूप थाना क्षेत्र के मड़फा पहाड़-हुडा रोड पर घेराबंदी की। शाम करीब 4:50 बजे पुलिस का मुख्य आरोपी जितेन्द्र उर्फ भोले से आमना-सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को घिरा देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल

इस कार्रवाई के दौरान आरक्षी राघवेन्द्र राजपूत भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि उनकी हालत खतरे से बाहर है और आवश्यक उपचार जारी है।

दो आरोपी अब भी फरार

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य दो आरोपी विवेक कुमार पटेल और प्रवीण पटेल अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हाई-प्रोफाइल केस पर पूरे प्रदेश की नजर

चित्रकूट गैंगरेप की इस घटना ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश दोनों राज्यों में व्यापक आक्रोश पैदा किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार जांच की निगरानी कर रहे हैं। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूरी कोशिश बाकी दोनों आरोपियों को जल्द कानून के शिकंजे में लाने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *