आज रेलमंत्री और मुख्यमंत्री वर्चुअली दिखाएंगे मेमू ट्रेन को हरी झंडी

सतना। डिजिटल डेस्क

विंध्य और बुंदेलखंड के रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में शनिवार, 24 अक्टूबर को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 3:23 बजे वर्चुअल माध्यम से मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन देवेंद्रनगर–सतना और चुरहट–रीवा रेलखंडों पर नई रेल कनेक्टिविटी का रास्ता खोलेगी।

कार्यक्रम के तहत सतना जिले के नागौद और सीधी जिले के चुरहट में स्थानीय स्तर पर आयोजन होंगे। नागौद में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा और विधायक नागेंद्र सिंह के शामिल होने की जानकारी है। वहीं, चुरहट में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, सीधी सांसद राजेश मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

नागौद में पहुंचेंगे पश्चिम मध्य रेलवे के अधिकारी

कार्यक्रम में पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह और मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के नागौद स्टेशन पहुंचने का कार्यक्रम है। चुरहट में आयोजित कार्यक्रम में एडीआरएम दिनेश कुमार कलामे सहित रेलवे के अन्य अधिकारी शामिल होंगे।

26 अक्टूबर से नियमित संचालन

रेलवे की योजना के अनुसार, देवेंद्रनगर से चुरहट के बीच मेमू ट्रेन का नियमित संचालन 26 अक्टूबर से शुरू होगा। आठ कोच वाली इस ट्रेन में सभी कोच जनरल श्रेणी के होंगे। ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। रविवार को रखरखाव के लिए ट्रेन को बीना भेजे जाने के कारण इसका संचालन नहीं होगा।

यात्रियों को मिलेगा अतिरिक्त विकल्प

नई रेल सेवा से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और स्थानीय यात्रियों को आवागमन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इससे आसपास के क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होने और शिक्षा, व्यापार, पर्यटन तथा रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इस रेलखंड के शुरू होने से सीधी जिले के रेल नेटवर्क से जुड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति होगी। अब यात्रियों की नजर नियमित सेवा शुरू होने और ट्रेन की समय-सारणी पर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *