छिंदवाड़ा/बालाघाट। डिजिटल डेस्क
मध्यप्रदेश के बालाघाट में पदस्थ लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन यंत्री कमल किशोर सिंगारे के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। EOW की टीमों ने गुरुवार सुबह छिंदवाड़ा, बालाघाट और भोपाल स्थित उनके ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की। शुरुआती जांच में करीब 11 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का पता चला है। तलाशी और दस्तावेजों की जांच अभी जारी है।
सुबह करीब 6 बजे तीन ठिकानों पर एक साथ पहुंची EOW टीम
EOW की तीन टीमों ने गुरुवार सुबह करीब 6 बजे बालाघाट स्थित सिंगारे के सरकारी आवास के अलावा छिंदवाड़ा और भोपाल स्थित उनके आवास एवं परिसरों पर कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के जरिए आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के बाद की गई।
EOW के मुताबिक कार्रवाई अदालत से अनुमति लेने के बाद की गई। छिंदवाड़ा स्थित फार्म हाउस समेत अन्य परिसरों में भी दस्तावेज, बैंक खातों, नकदी और आभूषणों की जांच की जा रही है।
छिंदवाड़ा में मकान, जमीन और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
तलाशी में छिंदवाड़ा में करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य के मकान और जमीन का पता चला है। इसके अलावा करीब 1.50 करोड़ रुपये के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से जुड़े दस्तावेज भी सामने आए हैं।
छिंदवाड़ा स्थित फार्म हाउस में करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन और निर्माण की जानकारी मिली है। यहां से महिंद्रा ट्रैक्टर, ट्रॉली और कृषि उपकरण भी मिले हैं।
350 ग्राम सोना, चांदी और लग्जरी गाड़ियां मिलीं
EOW की शुरुआती कार्रवाई में 350 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 1.20 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण और नकदी मिली है।
जांच में करीब 22 लाख रुपये की महिंद्रा XUV 700, करीब 27 लाख रुपये की महिंद्रा स्कॉर्पियो और लगभग 4 लाख रुपये मूल्य की तीन बाइक भी सामने आई हैं।
कुल 10 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी
अब तक अलग-अलग ठिकानों से करीब 10 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी है। इनमें छिंदवाड़ा स्थित आवास से करीब 7.50 लाख रुपये और बालाघाट स्थित सरकारी आवास से करीब 2.50 लाख रुपये नकद शामिल हैं।
इसके अलावा छिंदवाड़ा स्थित संपत्तियों में घरेलू सामान की भी बड़ी मात्रा में इन्वेंट्री तैयार की जा रही है।

भोपाल में करीब 2 करोड़ की जमीन और मकान
EOW के अनुसार भोपाल स्थित सिंगारे के आवास से करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन और मकान की जानकारी सामने आई है। वहां से घरेलू सामान से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामग्री की भी जांच की जा रही है।
12 बैंक खातों की जांच, जमा राशि का ब्योरा जुटा रही टीम
जांच एजेंसी को सिंगारे और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर 12 बैंक खाते मिले हैं। इन खातों में जमा रकम और लेनदेन का विवरण जुटाया जा रहा है।
EOW की जांच का फोकस संपत्तियों के साथ बैंक खातों, दस्तावेजों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड पर भी है। अधिकारियों के मुताबिक तलाशी पूरी होने के बाद अनुपातहीन संपत्ति का आंकड़ा बदल सकता है।
ठेकेदारों की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
रिपोर्टों के मुताबिक सिविल कांट्रेक्टर्स एसोसिएशन के महासचिव यूनुस खान ने 13 जुलाई को जबलपुर में EOW के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सिंगारे ने भ्रष्ट आचरण के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है।
शिकायत में निर्माण कार्यों के बिलों को मंजूरी देने के बदले ठेकेदारों से कमीशन मांगने के आरोप भी लगाए गए थे। EOW के अनुसार सत्यापन में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
14 महीने से बालाघाट में पदस्थ हैं सिंगारे
अधिकारियों के अनुसार कमल किशोर सिंगारे पिछले करीब 14 महीने से बालाघाट में पदस्थ हैं। EOW की कार्रवाई के दौरान बालाघाट स्थित सरकारी आवास से भी नकदी और वाहन बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
जांच जारी, और संपत्ति सामने आने की संभावना
EOW की कार्रवाई अभी पूरी नहीं हुई है। फार्म हाउस, बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच जारी है। एजेंसी का कहना है कि तलाशी और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद संपत्ति का कुल आंकड़ा और बढ़ सकता है।