घूरडांग फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, भोपाल में Instagram Live कर पुलिस को दी थी धमकी

सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र के घूरडांग में 5 जून को एयरफोर्स अधिकारी रामराज सिंह के घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग और उनके बेटे हर्ष सिंह की हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पांच दिन की पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी और 10 हजार रुपये का इनामी अमित सोनी उर्फ बंटा ने वारदात और फरारी से जुड़े कई अहम खुलासे किए। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई देशी पिस्टल भी बरामद कर ली।

पुरानी रंजिश में रची गई थी वारदात

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हर्ष सिंह से उसकी पुरानी रंजिश थी। दोनों के बीच पहले भी विवाद और धमकी देने की घटनाएं हो चुकी थीं। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों अमर सिंह, अभिज्ञान त्रिपाठी, अंकित सिंह और युवराज उर्फ राजाबाबू सिंह के साथ मिलकर 5 जून को घूरडांग पहुंचकर फायरिंग की और हत्या का प्रयास किया।

हवाई पट्टी में छिपाई पिस्टल

पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों की मदद से कार से हवाई पट्टी क्षेत्र पहुंचा, जहां वारदात में इस्तेमाल पिस्टल छिपा दी गई। बाद में पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद कर लिया है।

भोपाल में Instagram Live कर दी थी धमकी

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी मैहर और जबलपुर के रास्ते भोपाल पहुंचा। वहां उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram Live पर आकर पुलिस को धमकी दी। इसके बाद वह सड़क मार्ग से मुंबई फरार हो गया।

मुंबई से भुसावल और फिर सतना लौटते समय गिरफ्तारी

आरोपी ने बताया कि मुंबई पहुंचने के बाद वह अपने साथियों से अलग हो गया और भुसावल चला गया। कई दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर छिपने के बाद वह जबलपुर होते हुए सतना लौट रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

और भी मददगारों के नाम आए सामने

रिमांड के दौरान आरोपी ने फरारी में मदद करने वाले कुछ अन्य लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस का कहना है कि इन लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी

पांच दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद सोमवार शाम आरोपी अमित सोनी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों और सहयोगियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *