13 साल के बच्चे ने DM-SP से पूछा ऐसा सवाल, जवाब सुनकर अफसर भी रह गए हैरान

कई बार प्रशासनिक बैठकों में बड़े-बड़े लोग भी अपनी बात खुलकर नहीं रख पाते। लेकिन उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में 13 साल के एक बच्चे ने डीएम, एसपी और कई अधिकारियों के सामने जिस बेबाकी से अपनी बात रखी, उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान 13 वर्षीय अमिताभ गुप्ता अकेले अपनी शिकायत लेकर पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह कक्षा 8 का छात्र है। उसकी शिकायत परिवार की संयुक्त संपत्ति से जुड़ी थी, जहां घर के एक हिस्से पर ताला लगा होने के कारण परिवार को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

डीएम के सामने बेझिझक रखी बात

सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चे से पूछा कि वह अकेले क्यों आया है। इस पर अमिताभ ने बताया कि उसकी मां घर चलाने के लिए काम करती हैं, पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और पहले भी कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ।

बच्चे ने कहा कि यदि घर के बंद हिस्से का ताला खुल जाए तो उसे किराए पर देकर परिवार की आय बढ़ सकती है, जिससे उसकी और उसकी बहन की पढ़ाई का खर्च निकल सके।

‘करेंगे नहीं, करके दिखाइए’

वीडियो में सबसे ज्यादा चर्चा उस समय की हो रही है जब अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर बच्चे ने कहा कि केवल “करेंगे” कहने से काम नहीं चलेगा, बल्कि जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। जब अधिकारियों ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी तो उसने जवाब दिया कि पढ़ाई के लिए भी पैसे चाहिए। उसने बताया कि उसकी मां की कमाई बेहद कम है और ऐसे में किताबें व अन्य खर्च उठाना मुश्किल हो जाता है।

जिलाधिकारी ने क्या कहा

जिलाधिकारी ने बच्चे को भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को मौके पर जाकर मामले की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चे को पढ़ाई जारी रखने की सलाह भी दी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से साझा किया जा रहा है। कई लोग बच्चे के आत्मविश्वास और अपनी बात रखने के तरीके की सराहना कर रहे हैं। वहीं, कुछ यूजर्स प्रशासन से मामले का जल्द समाधान करने की मांग भी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *