भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित लोकतंत्र सेनानी प्रादेशिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया। उन्होंने पुष्पवर्षा कर वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानियों का अभिनंदन किया और कहा कि उनके संघर्ष की बदौलत आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में आपातकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोकतंत्र सेनानियों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
- लोकतंत्र सेनानियों के तीर्थाटन के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
- प्रदेश के रेस्ट हाउस और सर्किट हाउस में दो दिन तक नि:शुल्क ठहरने की सुविधा मिलेगी।
- दिवंगत लोकतंत्र सेनानियों के नाम पर गांवों और शहरों में शिलालेख, सड़क और पार्क नामित किए जाएंगे।
- लोकतंत्र सेनानियों के नि:शुल्क इलाज और एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी।
- ताम्रपत्र से वंचित लोकतंत्र सेनानियों को भी जल्द सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानी संघ के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानी मौजूद रहे। इस अवसर पर आपातकाल के दौर को याद करते हुए लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प को दोहराया गया।