मैहर। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय से 12 वर्षीय छात्र के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। आधी रात छात्रावास से निकले छात्र की आखिरी तस्वीर CCTV कैमरे में कैद हुई, लेकिन उसके बाद वह कहां गया, इसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
रोल कॉल के बाद अचानक गायब हुआ छात्र
पुलिस के मुताबिक, मैहर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाला कक्षा 6 का 12 वर्षीय छात्र छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। 9 जुलाई की रात नियमित रोल कॉल के बाद सभी छात्र अपने-अपने कमरों में चले गए। अगले दिन सुबह जब उपस्थिति जांच की गई तो छात्र अपने कमरे में नहीं मिला। इसके बाद विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
CCTV में पेटी लेकर जाता दिखा
छात्र के नहीं मिलने पर विद्यालय प्रबंधन ने परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में छात्र रात करीब 12 बजे हाथ में अपनी पेटी लेकर अकेले शौचालय की ओर जाता दिखाई देता है। इसके बाद उसकी कोई गतिविधि कैमरों में रिकॉर्ड नहीं हुई, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड तक तलाश
छात्र के लापता होने की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश कराई। परिजनों को भी सूचना दी गई, लेकिन छात्र का कोई पता नहीं चल सका। विद्यालय के प्राचार्य की शिकायत पर मैहर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज, संभावित रास्तों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्र स्वयं छात्रावास से बाहर गया या किसी के साथ निकला। मामले की जांच जारी है और छात्र की तलाश के लिए विभिन्न टीमों को लगाया गया है।