मैहर में जंगली हाथी का कहर, बुजुर्ग की जान गई; कई घर ढहे, गांवों में दहशत

मैहर। डिजिटल डेस्क

मैहर जिले के रामनगर क्षेत्र में जंगली हाथी के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुरैना पंचायत के सिंगपुर मौहारी में जंगली हाथी के हमले में बुजुर्ग कंछेदी यादव की मौत हो गई। हाथी ने कई घरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे मलबे में पालतू जानवरों के दबने की जानकारी सामने आई है।

सिंहपुर मौहारी में हाथी ने मचाया उत्पात

घटना रामनगर जनपद की पुरैना पंचायत के सिंहपुर मौहारी गांव की बताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, जंगली हाथी गांव में पहुंचा और उसने जमकर उत्पात मचाया। इसी दौरान हाथी के हमले में बुजुर्ग कंछेदी यादव की मौत हो गई।

हाथी ने गांव में कई घरों को भी नुकसान पहुंचाया। घरों के क्षतिग्रस्त होने से उनका मलबा फैल गया और उसमें कई पालतू जानवरों के दबने की जानकारी सामने आई है।

सूचना के बाद भी वन विभाग की टीम नहीं पहुंचने का आरोप

ग्राम सरपंच बीपेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार घटना की सूचना वन विभाग को दिए जाने के बावजूद टीम मौके पर तीन-चार घंटे तक नहीं पहुंची। अगले दिन सुबह तक रेंजर के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।

ग्रामीणों का कहना है कि जंगली हाथी की मौजूदगी से क्षेत्र में लगातार दहशत बनी हुई है और लोगों को अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है।

कई गांवों के लिए वन विभाग ने जारी की चेतावनी

वन मंडल मैहर की ओर से जारी सूचना के अनुसार, एक जंगली हाथी वन मंडल मैहर क्षेत्र में रामनगर जनपद के पास से प्रवेश करने के बाद देवराजनगर के आसपास मौजूद है। विभाग ने आशंका जताई है कि हाथी वहां से बगदरी, गिधैला, गोरसारी, देवरा मौहाई, किरहाई, मनकहरी, बाराखुर्द, पठरा या आसपास के अन्य गांवों तथा वन क्षेत्र से गुजर सकता है।

इसके मद्देनजर रामनगर और अमरपाटन जनपद के कई गांवों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इन गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह

वन विभाग ने रामनगर जनपद के पठरा, भितरी, कोलडिहा, सेदूरा सोनाडी, बड़खोरा, देवरा मौहाई, सोहौला, झिरिया, हिनौता, कुम्हरवार, मुनगहा, गैलरी, गोरसारी, देवराजनगर, कर्रा, मुहरवा और हटवा सहित आसपास के गांवों को सतर्क रहने को कहा है।

वहीं अमरपाटन जनपद के अमझर, किरहाई, तेंदूहटा, भीषमपुर और ईटमा समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों को भी सावधानी बरतने की अपील की गई है।

हाथी दिखे तो भीड़ न लगाएं, पीछा भी न करें

वन विभाग ने ग्रामीणों से कहा है कि वे वन क्षेत्र में अकेले प्रवेश न करें। यदि कहीं जंगली हाथी दिखाई देता है तो तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

विभाग ने विशेष रूप से लोगों को हाथी के पीछे नहीं भागने और उसके आसपास भीड़ जमा नहीं करने की हिदायत दी है। घरों में महुआ या अनाज जहां रखा जाता है, वहां रात में सोने से बचने और खेतों में खुले में रात न बिताने की सलाह भी दी गई है।

फिलहाल हाथी की गतिविधियों को लेकर वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *