सतना। डिजिटल डेस्क
पड़ोसी पन्ना जिले के देवेंद्रनगर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां बिल्ली को स्ट्रीट डॉग के जबड़े से छुड़ाने पहुंची 4 साल की बच्ची पर कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में बच्ची के चेहरे पर गंभीर और गहरे घाव आए हैं। घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद सतना के बिरला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसे पीआईसीयू में भर्ती कराया गया है।
बिल्ली को बचाने पहुंची थी बच्ची
जानकारी के मुताबिक रुहानिका रजक (4), पिता राकेश रजक, सोमवार शाम घर के बाहर खेल रही थी। बच्ची के पिता राकेश रजक ने बताया कि रुहानिका को जानवरों से काफी लगाव है। इसी दौरान उसने देखा कि एक स्ट्रीट डॉग बिल्ली को अपने जबड़े में दबाए हुए है।
बच्ची बिल्ली को बचाने के लिए कुत्ते के पास पहुंची और उसे छुड़ाने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान कुत्ते ने बिल्ली को छोड़कर बच्ची पर हमला कर दिया।
चेहरे को बुरी तरह नोंचा
हमले में कुत्ते ने बच्ची के चेहरे को बुरी तरह नोंच लिया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर घाव हो गए। बच्ची की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देखकर कुत्ता वहां से भाग गया।
इसके बाद परिजन घायल बच्ची को तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे सतना के बिरला अस्पताल रेफर किया गया।
पीआईसीयू में भर्ती बच्ची
बिरला अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने बच्ची को पीआईसीयू में भर्ती किया है। फिलहाल उसका उपचार जारी है। बच्ची के पिता राकेश रजक वन विभाग में चौकीदार (वन रक्षक) के पद पर पदस्थ हैं।