मैहर। डिजिटल डेस्क
दीपावली से पहले मिठाइयों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मैहर में जांच अभियान चलाया। इस दौरान ट्रेन से लाए गए मावे की रैपिड टेस्टिंग की गई। प्रारंभिक जांच में एक बोरे के मावे का परिणाम मानकों के अनुरूप नहीं मिला। इसके बाद विभाग ने 20 किलो मावा जब्त कर मौके पर नष्ट करा दिया। मावे के दो नमूने विस्तृत जांच के लिए भी भेजे गए हैं।
ट्रेन से आए मावे की जांच में मिली गड़बड़ी
कलेक्टर विदिशा मुखर्जी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौर ने स्टेशन रोड स्थित भवानी बीकानेर स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां मिठाइयों के दो नमूने लिए गए। ट्रेन से आए मावे की रैपिड टेस्टिंग किट से जांच की गई।
प्रारंभिक जांच में एक बोरे के मावे का परिणाम मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर 20 किलो मावा जब्त कर नष्ट कराया गया। विभाग ने मावे के दो नमूने विस्तृत जांच के लिए भेजे हैं।
कुकिंग मीडियम के 59 पैक जब्त
जांच अभियान के दौरान पारस बिजनेस से श्री गोवर्धन जी कुकिंग मीडियम और 9 एएम मैंगो पिकल के नमूने लिए गए। यहां लेबलिंग संबंधी अनिवार्य प्रावधानों का पालन नहीं मिलने पर कुकिंग मीडियम के 59 पैक जब्त किए गए। इनमें 200 एमएल के 54 और 500 एमएल के पांच पैक शामिल हैं।
अन्य मिठाई दुकानों से भी लिए नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने न्यू पूजा स्वीट्स से मिठाई का एक नमूना लिया। वहीं, स्टेशन रोड स्थित बीकानेर एक्सप्रेस से मिठाइयों के दो नमूने लिए गए।
विभाग के अनुसार, दीपावली तक खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच जारी रहेगी। निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।