चेक बाउंस मामले में कटनी कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद मैहर के पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी गुरुवार को न्यायालय में पेश हुए। उनकी उपस्थिति के बाद कोर्ट ने वारंट निरस्त कर दिया, हालांकि मामले की सुनवाई जारी रहेगी।
26.50 लाख रुपये के चेक बाउंस का मामला
जानकारी के अनुसार कटनी निवासी बीएम तिवारी ने न्यायालय में दावा प्रस्तुत करते हुए आरोप लगाया कि पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने उनसे 26 लाख 50 हजार रुपये उधार लिए थे। भुगतान के लिए दिया गया चेक बैंक में लगाने पर खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण बाउंस हो गया।
बार-बार अनुपस्थित रहने पर जारी हुआ वारंट
प्रारंभिक सुनवाई के बाद कोर्ट ने पूर्व विधायक को दो बार नोटिस जारी कर पेश होने के निर्देश दिए थे, लेकिन उनके उपस्थित नहीं होने पर न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर इसकी तामील के निर्देश मैहर पुलिस को दिए।
कोर्ट में पेश होने पर वारंट हुआ निरस्त
गिरफ्तारी वारंट जारी होने की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को नारायण त्रिपाठी स्वयं कटनी कोर्ट में उपस्थित हुए। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट निरस्त कर दिया। हालांकि चेक बाउंस मामले में सुनवाई और अन्य विधिक कार्रवाई अभी जारी रहेगी।