जंगल में सेही का हमला, युवक के पैर में धंसे 11 कांटे

मध्य प्रदेश के पांढुर्ना जिले में एक दुर्लभ वन्यजीव हमले का मामला सामने आया है। बाइक से आश्रम जा रहे एक युवक पर अचानक सेही (साही) ने हमला कर दिया, जिससे उसके पैर में कई नुकीले कांटे धंस गए। डॉक्टरों ने सावधानीपूर्वक कांटे निकालकर घायल का इलाज किया।

जंगल से निकलकर अचानक किया हमला

पांढुर्ना के घोघरी साहनी क्षेत्र स्थित आनंद ही आनंद आश्रम जा रहे सेवादार योगेश साहू पर रास्ते में अचानक एक सेही (साही) ने हमला कर दिया। योगेश के अनुसार वह बाइक से आश्रम जा रहे थे, तभी जंगल से निकलकर आए वन्यप्राणी ने उन पर हमला बोल दिया। हमले में उनके पैर में कई नुकीले कांटे धंस गए, जिससे वह घायल हो गए। किसी तरह खुद को संभालते हुए वह बाइक लेकर आश्रम पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने निकाले 11 कांटे

आश्रम पहुंचने के बाद पैर से दो कांटे निकाले गए, जबकि कुछ कांटे अपने आप निकलकर गिर गए। इसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर घायल को पांढुर्ना के सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉ. नीलेश धाड़से और डॉ. घनश्याम लहरपुरे ने सावधानीपूर्वक पैर में धंसे 11 नुकीले कांटे निकालकर उपचार किया। चिकित्सकों ने बताया कि समय पर इलाज मिलने से गंभीर खतरा टल गया।

वन विभाग ने की घटना की पुष्टि

घटना की जानकारी मिलने पर रेंजर प्रभुराम मुछाला ने मौके की जानकारी लेते हुए पुष्टि की कि युवक पर हमला करने वाला वन्यप्राणी सेही (साही) था। वन विभाग ने जंगल क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

घायल का हालचाल जानने पहुंचे आश्रम प्रमुख

देर शाम आनंद ही आनंद आश्रम के श्रद्धेय विवेकजी पांढुर्ना पहुंचे और घायल योगेश साहू से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घाटोड़े, पूरणसिंह खानवे, खेमराज तितरे सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। डॉ. घनश्याम लहरपुरे ने बताया कि घायल की स्थिति अब सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *