ब्वॉयफ्रेंड को बंधक बनाकर NEET छात्रा से गैंगरेप, चित्रकूट में सनसनी

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के देवांगना घाटी क्षेत्र में एक छात्रा के साथ कथित गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले उसके साथी को बंधक बनाया और फिर जंगल में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित कर दी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

बॉयफ्रेंड के साथ घूमने गई थी छात्रा

पुलिस के अनुसार, पीड़िता सतना जिले की रहने वाली है और राजस्थान के कोटा में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रही है। छुट्टियों में घर आने के बाद वह बुधवार को अपने परिचित युवक के बुलाने पर चित्रकूट घूमने पहुंची थी। दोनों दोपहर करीब 1 बजे बाइक से देवांगना घाटी की ओर गए थे।

खुद को वनकर्मी बताकर की पूछताछ

पीड़ितों के मुताबिक, जब दोनों जंगल क्षेत्र में मोबाइल से रील बना रहे थे, तभी बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने खुद को वनकर्मी बताते हुए पूछताछ शुरू की और फिर युवती से अभद्रता करने लगे। जब युवक ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी बेल्ट से पिटाई की, हाथ-पैर बांध दिए और पहाड़ी से नीचे फेंकने की धमकी दी। इसके बाद युवती को झाड़ियों में ले जाकर दो आरोपियों ने कथित रूप से दुष्कर्म किया, जबकि तीसरा आरोपी निगरानी करता रहा।

नेटवर्क नहीं मिला, नीचे उतरकर पुलिस को दी सूचना

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। युवक ने किसी तरह खुद को छुड़ाया और युवती को संभालते हुए डायल-112 पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जंगल में नेटवर्क नहीं होने के कारण बात नहीं हो सकी। दोनों किसी तरह पहाड़ी से नीचे आए और पुलिस को सूचना दी। कर्वी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया। युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जबकि युवक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपियों की तलाश में स्पेशल टीम गठित

चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए एएसपी पियूषकांत राय के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई है। इसमें सीओ सिटी, बहिलपुरवा और कर्वी थाना प्रभारी, एसओजी तथा सर्विलांस टीम को शामिल किया गया है। पुलिस घटनास्थल से लेकर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पीड़ितों की मदद से आरोपियों के स्केच भी तैयार कराए जा रहे हैं। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उनकी तलाश की जा रही है।

एयरपोर्ट से महज 500 मीटर दूर हुई वारदात

पुलिस के अनुसार, जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां से देवांगना एयरपोर्ट की दूरी लगभग 500 मीटर है। पीड़ितों का कहना है कि चित्रकूट से देवांगना घाटी की ओर निकलने के बाद से ही तीन बाइक सवार उनका पीछा कर रहे थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *