पेंच टाइगर रिजर्व के रिसॉर्ट में एक्सपायरी खाद्य सामग्री से बन रहा था खाना, खाद्य विभाग की कार्रवाई

मध्य प्रदेश के पेंच टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पर्यटकों की सेहत से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जांच में एक रिसॉर्ट में एक्सपायरी खाद्य सामग्री से भोजन तैयार किया जा रहा था, जबकि दूसरे रिसॉर्ट में बड़ी मात्रा में एक्सपायर खाद्य सामग्री का भंडारण मिला।

पर्यटकों की सेहत से खिलवाड़ का खुलासा

सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व क्षेत्र स्थित रिसॉर्टों में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि एक रिसॉर्ट में एक्सपायरी खाद्य सामग्री का उपयोग कर भोजन तैयार किया जा रहा था। वहीं दूसरे रिसॉर्ट में भी एक्सपायर खाद्य सामग्री का भंडारण मिला। कार्रवाई के बाद दोनों रिसॉर्टों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।

तुली टाइगर रिसॉर्ट में मिली कई गंभीर खामियां

निरीक्षण के दौरान तुली टाइगर रिसॉर्ट में कई अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों ने पाया कि—

  • एक्सपायरी खाद्य सामग्री से भोजन तैयार किया जा रहा था।
  • बड़ी मात्रा में एक्सपायर खाद्य सामग्री का भंडारण किया गया था।
  • वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री को एक ही स्थान पर रखा गया था।
  • खाद्य सामग्री का भंडारण अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जा रहा था।

इन कमियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन माना गया।

दूसरे रिसॉर्ट से लिया गया बेसन का नमूना

आकर्ड वाइल्ड लाइफ पेंच रिसॉर्ट में निरीक्षण के दौरान जांच के लिए बेसन का नमूना लिया गया। यहां भी एक्सपायरी खाद्य सामग्री का भंडारण मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की।

सुधार के निर्देश, दोबारा होगी निगरानी

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने दोनों रिसॉर्ट संचालकों को स्वच्छ वातावरण में गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के निर्माण, भंडारण और उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा गया है। निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य अधिकारी सोनू तिवारी और फूड सेफ्टी ऑफिसर महेन्द्र परते मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *