सतना। नागौद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिथौराबाद में संचालित शराब दुकान के विरोध में जनपद सदस्य रमेश कुशवाहा उर्फ लालाजी ने सोमवार से पोड़ी तिराहा स्थित हनुमान मंदिर के सामने भूख हड़ताल शुरू कर दी। रमेश कुशवाहा का कहना है कि करीब 15 दिन पहले कलेक्टर, जिला आबकारी अधिकारी और पुलिस चौकी में ज्ञापन देकर शराब दुकान हटाने की मांग की गई थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो वे भूख हड़ताल पर बैठेंगे। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने अपना आंदोलन शुरू कर दिया।
जनपद सदस्य ने आरोप लगाया कि पोड़ी के नाम से स्वीकृत शराब दुकान पिथौराबाद में संचालित की जा रही है। दुकान के सामने विद्युत सब-स्टेशन और पास में शासकीय माध्यमिक विद्यालय स्थित है। मुख्य सड़क पर दुकान होने के कारण शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे विद्यार्थियों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय परिसर के आसपास शराब की खाली बोतलें फेंकी जाती हैं और अशोभनीय गतिविधियों के कारण क्षेत्र का सामाजिक और शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।