रिश्तेदार ने 13 वर्षीय नाबालिग को यूपी में बेचा, जबरन शादी के बाद ठहरा गर्भ

सतना (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के सतना जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां रामनगर थाना क्षेत्र से करीब 11 महीने पहले अगवा की गई एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को उत्तर प्रदेश में बेच दिया गया। खरीदार ने मोटी रकम वसूलकर एक युवक से उसकी जबरन शादी करा दी, जिससे मासूम 3 महीने की गर्भवती हो गई। सतना पुलिस ने साइबर सेल और मुखबिरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद पीड़िता को उत्तर प्रदेश के कासगंज से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

15 अगस्त को घर से हुई थी लापता

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 15 अगस्त 2025 की है, जब नाबालिग अपने घर से रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। करीब 11 महीने की लंबी जांच और तकनीकी सर्विलांस के बाद 5 जुलाई को पुलिस टीम ने यूपी के कासगंज जिले के गिलौली गांव में दबिश दी। वहां से पीड़िता को छुड़ाने के साथ ही आरोपी वीर सिंह जाटव (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया।

नशीला समोसा खिलाकर रिश्तेदार ने ही किया था सौदा

पुलिस टीम जब मंगलवार शाम पीड़िता को लेकर रामनगर पहुंची और बुधवार को कोर्ट में उसके बयान दर्ज कराए गए, तो बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए। पीड़िता ने बताया, 15 अगस्त को जब वह घर पर अकेली थी, तब उसका रिश्तेदार श्यामसुंदर लोनी आया। उसने बाजार से राखी दिलाने के बहाने लड़की को रामनगर ले गया। मार्केट में श्यामसुंदर ने उसे समोसा खिलाया, जिसे खाते ही वह बेसुध हो गई। होश आने पर उसने खुद को ट्रेन में पाया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। दो दिन के सफर के बाद श्यामसुंदर उसे कासगंज स्टेशन लेकर उतरा। वहां उसने दो अज्ञात लोगों से 60 हजार रुपए लिए और लड़की को उनके हवाले कर वापस लौट गया।

ईंट-भट्ठा ठेकेदार ने कराई जबरन शादी, मासूम हुई गर्भवती

कासगंज में उन अज्ञात लोगों ने नाबालिग के नए कपड़े पहनाकर फोटो खींची और ईंट-भट्ठा ठेकेदार सुरेंद्र सिंह जाटव को भेज दी। ठेकेदार ने सौदा तय होने के बाद बड़ी रकम लेकर अपने यहां काम करने वाले मजदूर वीर सिंह जाटव से मंदिर में उसकी जबरन शादी करा दी।

पुलिस ने बढा़ई पॉक्‍सो की धारा

पिछले कई महीनों से नाबालिग को बंधक बनाकर रखा गया था। आरोपी वीर सिंह लगातार उसका दैहिक शोषण कर रहा था, जिससे 13 साल की मासूम को तीन महीने का गर्भ ठहर गया है। नाबालिग के कोर्ट में दर्ज बयानों के बाद पुलिस ने मामले में अपहरण की धारा के साथ-साथ दुष्कर्म (Rape), जबरन शादी और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) जैसी गंभीर धाराएं जोड़ दी हैं। आरोपी वीर सिंह को जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता रिश्तेदार श्यामसुंदर और ठेकेदार समेत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *