सतना। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित आशीर्वाद ढाबा में हुई तोड़फोड़, मारपीट और लूट की घटना में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कार्तिक सिंह परिहार उर्फ जानू (20 वर्ष) निवासी लगरगवां के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
शराब के लिए मांगे 5 हजार रुपये, इनकार पर हमला
पुलिस के अनुसार घटना रविवार रात लोहरौरा बाईपास स्थित आशीर्वाद ढाबे पर हुई। शिकायतकर्ता और ढाबा कर्मचारी पुष्पराज दहिया ने बताया कि रात करीब 9 बजे यश सिंह, कार्तिक सिंह और अरविंद सिंह उर्फ छोटू ढाबे पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने शराब पीने के लिए 5 हजार रुपये की मांग की। जब रुपये देने से मना किया गया तो उन्होंने अपने अन्य साथियों को बुलाकर हमला कर दिया।
कर्मचारी को पीटा, ढाबे में की तोड़फोड़
शिकायत के मुताबिक करीब दर्जनभर युवकों ने लाठी-डंडों और मुक्कों से कर्मचारी के साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने ढाबे में जमकर तोड़फोड़ की और कुर्सी-टेबल समेत अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया।
मोबाइल और नकदी भी ले गए
पीड़ित का आरोप है कि हमलावर जाते समय टेक्नो कंपनी का मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गए। वारदात के बाद घायल कर्मचारी का उपचार कराया गया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
CCTV फुटेज से हुई पहचान
पुलिस ने ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर यश सिंह, अरविंद सिंह उर्फ छोटू, रिशु सिंह, आदित्य सिंह समेत कई आरोपियों की पहचान कर ली है। अन्य नकाबपोश युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।