सतना में 15 दिन तक बंधक रही युवती, होश में आते ही खोले चौंकाने वाले राज; 5 पर FIR

सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र के कैमा स्टेशन के पास हाथ-पैर और मुंह बंधी बेहोशी की हालत में मिली 18 वर्षीय युवती के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। अस्पताल में उपचार के बाद होश आने पर युवती ने पुलिस को बताया कि उसे काम दिलाने के बहाने अगवा कर करीब 15 दिनों तक एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उसे नशीला पदार्थ देकर प्रताड़ित किया गया। पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर एक महिला सहित पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

कैमा स्टेशन के पास बेहोशी की हालत में मिली थी युवती

पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10:30 बजे कैमा स्टेशन जाने वाले मार्ग पर एक युवती हाथ-पैर और मुंह बंधी हालत में बेहोश मिली थी। सूचना मिलने पर डायल-112 और स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उस समय उसकी हालत बयान देने लायक नहीं थी, इसलिए उपचार शुरू कराया गया।

मां और भाई की मौत के बाद अकेले कर रही थी मजदूरी

स्वास्थ्य में सुधार होने पर युवती ने बताया कि उसकी मां की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है। बाद में पिता ने दूसरी शादी कर ली और कुछ समय पहले भाई का भी निधन हो गया। इसके बाद वह अकेले मजदूरी कर जीवनयापन कर रही थी। करीब 18 दिन पहले काम की तलाश में वह मैहर से सतना आई थी और बस स्टैंड के आसपास मजदूरी की तलाश कर रही थी।

काम दिलाने के बहाने ले गए, फिर हो गई बेहोश

युवती के अनुसार, बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात भोला डोहर और दाने सिंह नाम के दो युवकों से हुई। दोनों ने नियमित काम दिलाने का भरोसा देकर बाइक पर बैठाया और भरजुना मंदिर की ओर ले गए। रास्ते में पानी पिलाने के बाद वह बेहोश हो गई।

कमरे में बंधक बनाकर दी जाती थी नशीली चीज

होश आने पर उसने खुद को एक अज्ञात कमरे में बंद पाया। वहां भोला डोहर, दाने सिंह, रोहित सिंह, राजकुमार डोहर और नीतू डोहर नाम की महिला मौजूद थे। युवती का आरोप है कि दिन में महिला खाने और पानी में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर देती थी, जिससे वह बेसुध हो जाती थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई और सिगरेट या बीड़ी जैसी किसी गर्म वस्तु से हाथ भी जलाया गया।

बेहोशी की हालत में सुनसान जगह पर छोड़कर भागे

युवती का आरोप है कि 13 जुलाई की रात आरोपियों ने फिर नशीला पदार्थ खिलाया और बेहोशी की हालत में उसके हाथ-पैर व मुंह बांधकर कैमा स्टेशन के पास सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए। वहीं से पुलिस ने उसे बरामद कर अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने दर्ज की FIR, सभी पहलुओं की जांच जारी

पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर भोला डोहर, दाने सिंह, रोहित सिंह, राजकुमार डोहर और नीतू डोहर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल अपहरण, बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और मारपीट के आरोपों की जांच की जा रही है। यौन शोषण की पुष्टि अभी नहीं हुई है और मेडिकल रिपोर्ट तथा न्यायालय में दर्ज विस्तृत बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीएसपी डी.पी. सिंह चौहान ने बताया कि पीड़िता के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही जिस स्थान पर उसे बंधक बनाकर रखा गया था, उसकी पहचान और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *