सतना। डिजिटल डेस्क
सिंहपुर थाना क्षेत्र के झरसी गांव में हिस्ट्रीशीटर राहुल सिंह हत्याकांड में पुलिस ने दो चचेरे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, जांच में पुरानी रंजिश और वारदात से पहले हुई शराब-मुर्गा पार्टी के दौरान कथित बेइज्जती का विवाद सामने आया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
एक घर का पुराना विवाद बना जांच की अहम कड़ी
पुलिस की जांच में करीब तीन साल पुराना विवाद अहम कड़ी के रूप में सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मृतक राहुल सिंह का सियाशरण के परिवार से पहले भी विवाद हो चुका था। आरोप है कि राहुल ने सियाशरण के घर में घुसकर उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की थी।
इस मामले में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। पुलिस अब इसी पुरानी रंजिश को हत्या की वजह से जोड़कर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: सतना में हिस्ट्रीशीटर की हत्या: फावड़े से ताबड़तोड़ वार, चचेरे भाई हिरासत में
पार्टी में फिर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर की शाम सियाशरण को राहुल ने रास्ते में रोककर झरसी के बाहर अहरी पर शराब और मुर्गा लाने के लिए कहा था। इसके बाद सियाशरण ने अपने चचेरे भाई अश्वनी को भी वहां बुलाया।
पुलिस का कहना है कि पार्टी के दौरान राहुल और दोनों आरोपियों के बीच फिर विवाद हुआ। कथित तौर पर बेइज्जती किए जाने से दोनों नाराज थे। पुलिस की जांच के अनुसार, इसी के बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
वारदात के बाद दोनों ने बदली जगह
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद अश्वनी अपने घर लौट गया था, जबकि सियाशरण पत्नी के साथ पन्ना की ओर चला गया। पुलिस को दोनों की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई।
एक घर से मिला, दूसरा पन्ना में पकड़ा गया
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अश्वनी दाहिया को उसके घर से हिरासत में लिया, जबकि सियाशरण को पन्ना जिले के देवेंद्रनगर से पकड़ा गया।
पूछताछ में पुलिस ने दोनों से घटना को लेकर जानकारी जुटाई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की है।
कोर्ट में पेशी के बाद जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार दोपहर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
राहुल पर दर्ज थे कई आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, मृतक राहुल सिंह के खिलाफ वर्ष 2008 से 2024 के बीच हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में कुल 13 प्रकरण दर्ज रहे हैं। इनमें हत्या के दो मामले, लूट, डकैती, रंगदारी, मारपीट, आर्म्स एक्ट और एडी एक्ट से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं। हत्या के समय वह जमानत पर बाहर था।
आगे की जांच में पुलिस पुरानी रंजिश, पार्टी के दौरान हुए विवाद और हत्या की पूरी परिस्थितियों को लेकर साक्ष्य जुटा रही है।